नगर पंचायत के वार्ड 18 स्थित लोहिया चौक के पास सोमवार की देर रात हाई वोल्टेज बिजली करंट की चपेट में आने से भाई-बहन गंभीर रूप से जख्मी हो गये. हादसे में 19 वर्षीय युवती शिव कुमारी की दरभंगा ले जाने के दौरान रास्ते में मौत हो गयी. वहीं उसका बड़ा भाई राज कुमार साह उर्फ राजा साह (30) गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज दरभंगा में चल रहा है.
धमाके की आवाज सुनकर घर से निकले थे भाई-बहन
मृतका की पहचान लोहिया चौक निवासी स्वर्गीय जगदीश साह की पुत्री शिव कुमारी के रूप में हुई है. घटना सोमवार रात करीब 11 बजे की बतायी जा रही है. मृतका का मकान बेनीपट्टी-उमगांव मुख्य सड़क के किनारे है. मकान के पास ही बिजली का पोल है, जिस पर 11 हजार वोल्ट का विद्युत तार गुजरता है.
जानकारी के अनुसार, देर रात बिजली के पोल पर शॉर्ट सर्किट होने से तेज आवाज के साथ धमाका हुआ. आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आये. शिव कुमारी और उसका भाई राज कुमार साह भी घर से बाहर निकले. इसी दौरान उनकी नजर सड़क पर टूटकर गिरे विद्युत तार पर नहीं पड़ी और दोनों करंट की चपेट में आ गये.
दरभंगा ले जाने के दौरान युवती ने तोड़ा दम
हादसे के बाद परिजन और स्थानीय लोग दोनों को इलाज के लिए दरभंगा ले जाने लगे. इसी दौरान रास्ते में शिव कुमारी की मौत हो गयी. गंभीर रूप से घायल राज कुमार साह का दरभंगा में इलाज चल रहा है.
मंगलवार को शिव कुमारी का शव बेनीपट्टी पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया. मां सुनीता देवी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. घटना के बाद इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने पर बेनीपट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मधुबनी भेज दिया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. बिजली तार टूटने और करंट की चपेट में आने की परिस्थितियों की जांच की जा रही है.
स्थानीय लोगों के अनुसार, शिव कुमारी चार भाई-बहनों में सबसे छोटी थी, जबकि घायल राज कुमार साह सबसे बड़ा भाई है. मृतका के पिता का पहले ही निधन हो चुका है. घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
