झंझारपुर (मधुबनी) : थाना क्षेत्र की चनौरागंज पंचायत के चनौरा गोठ गांव में दो लड़कियों पर बदचलनी का आरोप लगाते हुए पंचायत ने एक लड़की का बाल मुंडवा दिया है. दूसरी लड़की की चोटी काटकर छोड़ दिया गया.
इस फैसले का विरोध करने पर बाल मुडवाने की सजा पाने वाली लड़की के भाई को पंचायत ने बुरी तरह पीटा. इससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल युवक को अनुमंडलीय अस्पताल में में भर्ती कराया गया है. पीड़ित लड़की के पिता ने गांव के ही युवकों पर पीड़िता के साथ छेड़खानी का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करायी है. गांव में तनाव का माहौल है. आवेदन मिलने के बाद थाना के एएसआइ सुनील कुमार ने मामले की जांच की. आवेदन में बताया गया है कि दोनों लड़कियां कलमबाग में पत्ता बीछने गयी थीं.
जहां से गांव के दो युवकों अली असगर एवं मासूम साह उनके साथ छेड़खानी करने लगे. इसका विरोध किया, तो लड़कियों पर बदचलन का आरोप लगा कर पंचायत में बाल मुडवाने की सजा दी गयी. हालांकि पंचायत में न तो मुखिया थे और न ही सरपंच.
