नवटोल चौक से सिंगारपुर तक जर्जर सड़क से राहगीर परेशान, अधूरा निर्माण बना मुसीबत

गिट्टी बिखरने के कारण बाइक और साइकिल चालकों के लिए फिसलन भरी स्थिति बन गई है,

सड़क पर चलना हुआ दूभर,गड्ढों और गिट्टी से भरी सड़क, दुर्घटना का बढ़ा खतरा-

– नवटोल चौक से गांव तक बदहाल सड़क, राहगीर रोज झेल रहे संकट –

उदाकिशुनगंज

प्रखंड क्षेत्र के नवटोल चौक से नवटोल गांव होते हुए सिंगारपुर जाने वाली मुख्य सड़क की स्थिति इन दिनों अत्यंत जर्जर हो गई है. सड़क पर जगह-जगह गड्ढे, उखड़ी सतह और बिखरी गिट्टी के कारण राहगीरों का चलना दूभर हो गया है. स्थानीय ग्रामीणों में सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर काफी आक्रोश व्याप्त है. ग्रामीणों के अनुसार, नवटोल गांव से सिंगारपुर गांव तक कुछ माह पूर्व सड़क निर्माण कार्य शुरू किया गया था. गांव-मुहल्लों के अंदर पीसीसी ढलाई का काम तो पूरा कर दिया गया, लेकिन अन्य हिस्सों में केवल मेटल (गिट्टी) डालकर काम अधूरा छोड़ दिया गया. इससे सड़क की हालत सुधरने के बजाय और खराब हो गई है. गिट्टी बिखरने के कारण बाइक और साइकिल चालकों के लिए फिसलन भरी स्थिति बन गई है, जिससे आए दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं हो रही हैं. वहीं नवटोल चौक से नवटोल गांव तक की सड़क की हालत और भी चिंताजनक है. इस मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं और हल्की बारिश में ही सड़क कीचड़ में तब्दील हो जाती है. ऐसे में पैदल चलना तक मुश्किल हो जाता है. स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. वही स्थानीय ग्रामीण गोपाल शर्मा ने कहा सड़क की हालत इतनी खराब है कि रोजाना बाजार या काम पर जाना मुश्किल हो गया है. कई लोग गिरकर घायल हो चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ध्यान नहीं दिया गया. त्रिभुवन शर्मा ने बताया नवटोल गांव से सिंगारपुर गांव तक निर्माण कार्य अधूरा छोड़ देना सबसे बड़ी समस्या है. गिट्टी डालकर छोड़ देने से सड़क और खतरनाक हो गई है. जिम्मेदार लोगों को इसकी सुध लेनी चाहिये. पंकज शर्मा,विपिन शर्मा राजेश कुमार, मनौव्वर हुसैन,मो राजा, बिलाश शर्मा सहित अन्य लोगों ने प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा सरकारी राशि खर्च होने के बावजूद काम अधूरा और लापरवाहीपूर्ण है. इसकी जांच कर दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि नवटोल चौक से नवटोल गांव तक सड़क निर्माण के लिए हम लोगों ने कई बार संबंधित विभाग को शिकायत दी, लेकिन कोई ठोस पहल नहीं हुई. ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की वर्तमान स्थिति के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. खासकर रात के समय गड्ढे दिखाई नहीं देने से दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है. लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि नवटोल चौक से सिंगारपुर तक सड़क निर्माण कार्य को अविलंब पूरा कराया जाये एवं जर्जर हिस्सों की मरम्मत कराई जाये, ताकि आम लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kumar ashish

कुमार आशीष 15 वर्षों से प्रभात खबर समूह के साथ पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं. दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और भारतीय विद्या भवन, नई दिल्ली से जनसंचार में डिग्री प्राप्त करने के बाद इन्होंने राजनीति, अपराध और कोसी अंचल की रिपोर्टिंग में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पिछले पांच वर्षों से सक्रिय हैं. पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए इन्हें नेपाल में 'अंतरराष्ट्रीय मैथिली युवा पत्रकारिता सम्मान' से नवाजा जा चुका है.

Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >