मुरलीगंज में चार लाख की चोरी की कोशिश नाकाम, दो नाबालिग चोर ग्रामीणों के चढ़े हत्थे

मुरलीगंज में चार लाख की चोरी की कोशिश नाकाम, दो नाबालिग चोर ग्रामीणों के चढ़े हत्थे

मधेपुरा. मुरलीगंज नगर पंचायत के वार्ड नंबर 13 में शनिवार रात ग्रामीणों की सतर्कता से लाखों रुपये की चोरी की एक बड़ी घटना टल गयी. घर में छत की ढलाई के लिए रखे गए करीब चार लाख रुपये चुराने की कोशिश कर रहे दो नाबालिग चोरों को ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. पीड़ित गृहस्वामी लालू कुमार ने बताया कि उन्होंने अपने घर की छत की ढलाई के लिए भैंस बेचकर और अन्य स्रोतों से लगभग चार लाख रुपये की राशि जुटाई थी, जिसे उन्होंने घर में सुरक्षित रखकर निर्माण कार्य की तैयारी कर रखी थी. शनिवार रात चोरों ने इसी रकम को निशाना बनाने की कोशिश की. इस बीच, ग्रामीणों की नजर संदिग्ध गतिविधि पर पड़ी. उन्होंने तुरंत चोरों को पकड़ने के लिए कदम उठाए. ग्रामीणों ने एक चोर को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि अन्य भागने का प्रयास कर रहे थे. पकड़े गए युवक की पहचान वार्ड नंबर 13 निवासी मनखुश कुमार के रूप में हुई. पूछताछ के दौरान उसने अपने साथी प्रिंस कुमार का नाम बताया, जो उसी समय भीड़ में मौजूद था. नाम सामने आते ही प्रिंस के हाव-भाव भी संदिग्ध हो गए, जिससे ग्रामीणों को उस पर भी शक हुआ. इसके बाद, ग्रामीणों ने दोनों किशोर को पकड़कर मुरलीगंज थाना को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची व दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर थाने ले गयी. थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि चोरी के प्रयास में दो युवकों को ग्रामीणों द्वारा पुलिस के हवाले किया गया है. फिलहाल कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. आवेदन मिलने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी. इस घटना ने ग्रामीणों की तत्परता व जागरूकता को साबित किया, जिसके चलते एक बड़ी चोरी की वारदात टल गयी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Kumar Ashish

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >