पत्नी से विवाद की बात आई सामने, ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप; पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार- प्रतिनिधि, मधेपुरा जिले के भिरखी वार्ड नबर 26 में शुक्रवार को एक युवक की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी फैल गई. युवक का शव उसके ही घर में फंदे से लटका मिलने के बाद पूरे मोहल्ले में हड़कंप मच गया. मृतक की पहचान निखिल कुमार उर्फ बौआ पिता मनोज यादव के रूप में की गई है. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक के परिजनों ने इस घटना को आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए इसे सुनियोजित हत्या करार दिया है. उन्होंने ससुराल पक्ष के लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है. परिवार के अनुसार, निखिल कुमार का अपनी पत्नी के साथ पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था, जिसके कारण घर में अक्सर तनाव की स्थिति बनी रहती थी. इसी बीच अचानक उसका इस तरह फंदे से लटका मिलना कई सवाल खड़े कर रहा है. सूचना मिलने पर सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मामले को लेकर सदर थानाध्यक्ष विमलेंदु ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला आत्महत्या का है या फिर किसी साजिश के तहत की गई हत्या है. पूरे मामले का खुलासा अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा. घटना के बाद इलाके में दहशत और तरह-तरह की चर्चाओं का दौर शुरु है.
मधेपुरा में युवक की संदिग्ध मौत से सनसनी, घर में फंदे से लटका मिला शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
मृतक के परिजनों ने इस घटना को आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए इसे सुनियोजित हत्या करार दिया है.
