हिंदी भाषा का प्रचार-प्रसार व निरंतर प्रयोग का लिया संकल्प

हिंदी भाषा का प्रचार-प्रसार व निरंतर प्रयोग का लिया संकल्प

मधेपुरा. हिंदी दिवस के अवसर पर मधेपुरा जिले के डीआरडीए परिसर स्थित झल्लू बाबू सभागार में भव्य समारोह का आयोजन किया गया. समारोह की अध्यक्षता अपर समाहर्ता (राजस्व) अरुण कुमार सिंह ने की. इस अवसर पर जिले के वरीय अधिकारियों, गणमान्य व्यक्तियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. वक्ताओं ने कहा कि 14 सितंबर 1949 को संविधान सभा ने देवनागरी लिपि में लिखी हिंदी को देश की राजभाषा के रूप में अपनाया था. तब से हर साल 14 सितंबर को हिंदी दिवस के रूप में मनाया जाता है. यह दिन न केवल राजभाषा के रूप में हिंदी की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है, बल्कि सरकारी कामकाज और आम जीवन में हिंदी के अधिक से अधिक प्रयोग को बढ़ावा देने का संकल्प दिवस भी है. समारोह में हिंदी के प्रचार-प्रसार व शत-प्रतिशत प्रयोग को सुनिश्चित करने के लिए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गयी. इनमें मुख्य रूप से सभी प्रकार के डाक टिकटों और मुहरों पर हिंदी उत्कीर्णन, सभी पदनाम पट्टिकाओं का हिंदी में लेखन, सरकारी कर्मचारियों द्वारा हिंदी में भ्रमण कार्यक्रम प्रस्तुत करना, पुलिस केस डायरी और पत्राचार हिंदी में, विज्ञापनों और निविदा सूचनाओं का हिंदी में प्रकाशन, सभी प्रकार के पत्राचार, टिप्पणियां, चरित्र लेखन, नामपट्ट और सूचनापट्ट हिंदी में लिखना, वाहनों पर हिंदी नामपट्टिकाएं, प्रशासनिक अधिसूचनाओं, आदेशों, अनुदेशों, कार्यवृत्तों और प्रगति रिपोर्टों का हिंदी में प्रकाशन व न्यायालयों में मुकदमों के निष्पादन से संबंधित आदेश हिंदी में जारी करना शामिल हैं. इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि राजभाषा हिंदी का प्रयोग प्रशासनिक कार्य को सरल, पारदर्शी व जनहितकारी बनाता है. इसके साथ ही, राजभाषा विभाग द्वारा हिंदी से संबंधित उत्कृष्ट टिप्पणियां व कार्य प्रारूप प्रस्तुत करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को पुरस्कृत करने की अनुशंसा भी की जायेगी. समारोह का समापन हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार और निरंतर प्रयोग के संकल्प के साथ हुआ.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kumar Ashish

Kumar Ashish is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >