जेएनकेटी में अग्निशमन विभाग का जागरूकता अभियान, आग से बचाव के बताये उपाय
जागरूकता अभियान से मेडिकल कॉलेज के कर्मियों एवं छात्रों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ी.
मधेपुरा.
जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल परिसर में मंगलवार को अग्निशमन विभाग द्वारा आग से बचाव एवं सुरक्षा को लेकर अग्निशमन सेवा सप्ताह 21-25 अप्रैल 2026 के अंतर्गत जागरूकता अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, छात्रों एवं कर्मियों को आग लगने की स्थिति में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई. इसी अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है. इस दौरान शॉर्ट सर्किट, गैस रिसाव एवं ज्वलनशील पदार्थों के असावधानीपूर्वक उपयोग से आग लगने की संभावनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया. कार्यक्रम में अग्निशमन कर्मियों ने आग बुझाने वाले उपकरणों के उपयोग का प्रदर्शन भी किया. फायर एक्सटिंग्विशर के सही इस्तेमाल, आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया तथा सुरक्षित निकासी की प्रक्रिया को व्यवहारिक रूप से समझाया गया. अधिकारियों ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना देनी चाहिये तथा सुरक्षा नियमों का पालन करना चाहिये. अग्निशमन सेवा सप्ताह के दौरान बुधवार को जागरूकता के दौरान जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल परिसर में मॉकड्रिल कर आग लगने के बाद बचाव की जानकारी दी जायेगी. इस जागरूकता अभियान से मेडिकल कॉलेज के कर्मियों एवं छात्रों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ी. कार्यक्रम में जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ दिनेश कुमार, अनुमंडल अग्निशामक पदाधिकारी प्रमोद कुमार, सहायक अनुमंडल पदाधिकारी मनोज कुमार, सुनील कुमार, अग्निक कोमल रानी एवं काजल कुमारी सहित अन्य लोग उपस्थित थे.