ग्वालपाड़ा प्रखंड क्षेत्र के सुखाशन पंचायत अंतर्गत चकला पितंबर वार्ड नंबर 16 में मंगलवार की रात्रि भीषण आग लगने से भारी तबाही हुई है. मंगलवार की रात करीब 11:30 बजे लगी. आग ने देखते ही देखते 14 परिवारों के आशियाने को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे लाखों रुपये के सामान के साथ-साथ नगदी एवं जेवरात जलकर राख हो गये. पीड़ित परिवारों के अनुसार रात में खाना बनाने के बाद चूल्हे से निकली चिंगारी अचानक विकराल आग में तब्दील हो गयी. जब तक लोग कुछ समझ पाते, आग ने एक के बाद एक कई घरों को अपनी गिरफ्त में ले लिया. सूचना मिलते ही सुखाशन पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि अरुण कुमार शर्मा ने तत्काल अरार थाना एवं अग्निशमन विभाग को सूचित किया. मौके पर पहुंची दमकल की चार गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सब कुछ बर्बाद हो चुका था. इस अग्निकांड में भुटाय शर्मा, सुनीता देवी, अभिषेक शर्मा, मसोमात गीता देवी, अनोखा देवी, मीना देवी, अमीरका देवी, रेखा देवी, संगीता देवी, बरुण कुमार, मीरा देवी, पारो देवी, सुनीता देवी एवं उषा देवी के घर पूरी तरह जल गये हैं. भुटाय शर्मा घर के सामान के साथ 95 हजार रुपये नगद एवं जेवरात जले. सुनीता देवी बेटी की शादी के लिये 80 हजार रुपये एवं सारा सामान जल कर राख हो गया. वहीं अमीरका देवी 82 हजार रुपये नगद, गहने और एक पालतू बकरी की जलने से मौत हो गयी. अन्य पीड़ित में किसी के 10 हजार, तो किसी के 21 हजार रुपये नगद सहित अनाज, कपड़े, फर्नीचर (पलंग, कुर्सी, टेबल) और जलावन जलकर राख हो गये. घटना की सूचना पर मुखिया प्रतिनिधि अरुण कुमार शर्मा एवं पंचायत समिति प्रतिनिधि रविशंकर कुमार ने मौके पर पहुंचकर पीड़ितों को ढांढस बधाया. उन्होंने निजी स्तर पर राहत कार्य शुरू करते हुये पीड़ित परिवारों के बीच चावल, गेहूं, आलू, प्याज एवं रहने के लिए पन्नी (तिरपाल) का वितरण किया. पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से उचित मुआवजे एवं सरकारी सहायता की गुहार लगाई है. पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से उचित मुआवजे एवं सरकारी सहायता की गुहार लगाई है.
चूल्हे की चिंगारी से सुखाशन पंचायत में भीषण आग, 14 घर जलकर राख, लाखों की संपत्ति एवं नकदी का नुकसान
कुछ समझ पाते, आग ने एक के बाद एक कई घरों को अपनी गिरफ्त में ले लिया.
