कुमारखंड, मधेपुरा.
प्रखंड मुख्यालय स्थित कृषि भवन में सोमवार को प्रभारी प्रखंड कृषि पदाधिकारी सुमन सौरभ की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक हुई. इसमें एटीएम, कोऑर्डिनेटर, कृषि सलाहकार, पंचायत सचिव, जेई व प्रतिनियुक्त पदाधिकारी समेत कृषि विभाग के सभी कर्मी शामिल हुये. बैठक में प्रखंड के नोडल पदाधिकारी कार्यपालक दंडाधिकारी सह मधेपुरा सदर के प्रभारी सीओ ओम राजपूत ने सभी कृषि कर्मियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों में हुई फसल क्षति का तुरंत आकलन शुरू करें. उन्हें अधिकतम तीन दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट कार्यालय में जमा करने को कहा गया है.श्री राजपूत ने स्पष्ट किया कि रिपोर्ट में क्षति का सही एवं वास्तविक आंकड़ा होना चाहिये, ताकि प्रभावित किसानों को समय पर मुआवजा मिल सके. उन्होंने चेतावनी दी कि इस कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों पर सख्त कार्रवाई की जायेगी. गौरतलब है कि बीते शुक्रवार को चक्रवात के कारण तेज आंधी व बारिश ने क्षेत्र में भारी तबाही मचाई थी. इस प्राकृतिक आपदा से सैकड़ों एकड़ में लगी मक्का एवं गेहूं की फसल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, इतना ही नहीं गेहूं की तैयार फसल को भी व्यापक नुकसान हुआ है.
मालूम हो कि पुरे प्रखंड क्षेत्र के सभी 21 पंचायत में मक्का व गेहूं प्रमुख व्यावसायिक फसल होने के कारण किसानों को भारी आर्थिक क्षति हुई है. रबी फसल के मौसम में क्षेत्र में करीब 5275.5 हेक्टेयर में गेहूं और 5415.5 हेक्टेयर में मक्का की खेती की गई है. जिसे भारी क्षति हुई है एवं अन्नदाता किसान की कमर तोड़ कर रख दिया है. बैठक में बीपीआरओ मनीषा कुमारी, प्रभारी बीएओ सुमन सौरभ, बीसीओ संजीव मित्रा, मुकेश कुमार वर्मा, एटीएम रुपेश कुमार व जयशंकर भारती, कृषि कोर्डिनेटर रानी कुमारी, विकास विक्रांत, संतोष कुमार गुप्ता, सलाहकार विप्लव कुमार, नरेंद्र कुमार, सकलदेव कुमार मोहम्मद वजीर, विजय कुमार, पंचायत सचिव राजीव रंजन, सिंटू कुमार, रवि कुमार, अविनाश कुमार सिंह, कृषि कर्मी सुधीर कुमार, ओमप्रकाश साह सहित अन्य सभी किसान सलाहकार, पंचायत सचिव, पीटीए, जेई मौजूद थे.