नवसृजित प्राथमिक विद्यालय में बच्चों को आपदा से बचाव प्रति किया जागरूक

प्रखंड क्षेत्र के नवसृजित प्राथमिक विद्यालय पूर्व गोढ़ियारी सिंगारपुर में शनिवार को मुख्यमंत्री विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम के तहत सुरक्षित शनिवार कार्यक्रम का आयोजन किया गया

मधेपुरा.

प्रखंड क्षेत्र के नवसृजित प्राथमिक विद्यालय पूर्व गोढ़ियारी सिंगारपुर में शनिवार को मुख्यमंत्री विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम के तहत सुरक्षित शनिवार कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस अवसर पर विद्यालय में फोकल शिक्षक व बाल प्रेरकों का सर्वसम्मति से चयन किया गया. कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक मो रियाज अहमद को फोकल शिक्षक के रूप में नामित किया गया. वहीं अनीस कुमार, ब्यूटी कुमारी, अमरदीप कुमार, डेजी कुमारी व प्रिंस कुमार को बाल प्रेरक के रूप में चुना गया. चयन प्रक्रिया में शिक्षकों व विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली. विद्यालय के प्रधान शिक्षक मंजर आलम ने बताया कि सुरक्षित शनिवार कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को विभिन्न प्रकार की आपदाओं के प्रति जागरूक, सतर्क एवं सक्षम बनाना है. उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम बच्चों के लिए एक सतत व व्यवहारिक मंच प्रदान करता है, इसके माध्यम से वे आपदा प्रबंधन के बारे में व्यावहारिक जानकारी प्राप्त करते हैं.

उन्होंने आगे बताया कि फोकल शिक्षक के नेतृत्व में प्रत्येक शनिवार को विभाग द्वारा निर्धारित विषयों पर बच्चों को आपदा से संबंधित जानकारी दी जाती है. इसके तहत भूकंप, आग, बाढ़ जैसी आपदाओं से बचाव के उपायों पर चर्चा के साथ-साथ मॉक ड्रिल का आयोजन भी किया जाता है, ताकि बच्चे आपदा के समय घबराने के बजाय संयम और समझदारी से काम ले सकें. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास विकसित करना, उन्हें आपदा के समय सही निर्णय लेने के लिए तैयार करना तथा समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित करना है, ताकि वे भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बन सकें. मौके पर विद्यालय के शिक्षक नूर कौशर, राजेश कुमार राणा, मो रियाज अहमद, शिक्षिका वीणा कुमारी सहित विद्यालय के सभी बच्चे एवं रसोईयाकर्मी मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kumar Ashish

Kumar Ashish is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >