मधेपुरा को मिली नई प्रभारी मंत्री, लेशी सिंह को सौंपी गई जिम्मेदारी मधेपुरा बिहार सरकार में मंत्री सह धमदाहा विधायक लेशी सिंह को मधेपुरा जिला का प्रभारी मंत्री बनाए जाने से जिले में प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है. राज्य सरकार के इस फैसले को मधेपुरा के विकास कार्यों को गति देने के तौर पर देखा जा रहा है. प्रभारी मंत्री बनाए जाने के बाद अब जिले की योजनाओं की निगरानी और विभागीय समन्वय की अहम जिम्मेदारी लेशी सिंह के कंधों पर होगी. प्रभात खबर से हुई बातचीत में मंत्री लेशी सिंह ने बताया कि जिले में विकास की गति को और भी तेज की जायेगी. प्रचंड बहुमत से बनी एनडीए की सरकार में उद्योग और रोजगार के द्वारा पूरे बिहार के साथ मधेपुरा में भी खुलेंगे. -विकास योजनाओं की निगरानी की जिम्मेदारी- प्रभारी मंत्री के रूप में लेशी सिंह जिले में संचालित सरकारी योजनाओं, विकास कार्यों और प्रशासनिक गतिविधियों की समीक्षा करेंगी. समय-समय पर जिला स्तरीय बैठकों के माध्यम से वे अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगी. खासकर शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, आवास और सामाजिक कल्याण से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन पर विशेष नजर रखी जाएगी. -जन समस्याओं के समाधान पर रहेगा फोकस- प्रभारी मंत्री बनाए जाने के बाद आम लोगों को उम्मीद है कि लंबित जन समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया में तेजी आएगी. स्थानीय स्तर पर अतिक्रमण, सड़क सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति और योजनाओं में व्याप्त अनियमितताओं जैसे मुद्दों पर अब सीधी मॉनिटरिंग संभव हो सकेगी. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इससे प्रशासन पर जवाबदेही भी बढ़ेगी. -कार्यकर्ताओं में उत्साह- लेशी सिंह को मधेपुरा का प्रभारी मंत्री बनाए जाने की खबर मिलते ही जदयू और एनडीए कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है. कार्यकर्ताओं का कहना है कि अनुभवी मंत्री होने के नाते लेशी सिंह जिले की जरूरतों को बेहतर तरीके से सरकार तक पहुंचाएंगी. साथ ही विकास कार्यों को धरातल पर उतारने में उनकी भूमिका अहम होगी. -जल्द हो सकता है जिला दौरा- सूत्रों के अनुसार प्रभारी मंत्री बनने के बाद लेशी सिंह का जल्द ही मधेपुरा जिला दौरा प्रस्तावित है. इस दौरान वे अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करने के साथ-साथ विभिन्न योजनाओं की प्रगति का जायजा लेंगी. माना जा रहा है कि आगामी दौरे में कई अहम निर्देश दिए जा सकते हैं. मधेपुरा को नई प्रभारी मंत्री मिलने के बाद जिले में विकास की रफ्तार बढ़ने की उम्मीद जगी है. अब देखना यह होगा कि प्रशासनिक स्तर पर इसका कितना असर दिखता है और आम लोगों की अपेक्षाएं किस हद तक पूरी हो पाती हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
