मधेपुरा में बुधवार को ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत निकली कलश यात्रा सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश देती नजर आई. संत रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए. यात्रा के दौरान समाज के सभी वर्गों के बीच समानता, सम्मान, सहयोग और सौहार्द मजबूत करने का संकल्प लिया गया.
समाहरणालय से शुरू हुई कलश यात्रा
जिलाधिकारी अभिषेक रंजन (आईएएस) और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से समाहरणालय परिसर से कलश यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. यात्रा समाहरणालय से निकलकर कर्पूरी चौक, बजरंगबली चौक और भीरखी होते हुए राधा-कृष्ण मंदिर पहुंची.
इसके बाद यात्रा महादेव मंदिर, टुनियाही स्थित मुसहरी टोला, वार्ड संख्या-02 होते हुए पंचायत खोपैती-टुनियाही तक पहुंची. रास्ते में लोगों को सामाजिक समरसता, समानता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया गया.
20 अगस्त को जिलेभर में निकलेगी कलश यात्रा
कलश यात्रा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को महत्वपूर्ण निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि 20 अगस्त 2026 को जिले के सभी अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति टोलों में कलश यात्रा का आयोजन सुनिश्चित किया जाए.
उन्होंने अधिकारियों को कार्यक्रम को व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित करने और स्थानीय लोगों को अभियान से जोड़ने का निर्देश दिया. प्रशासन की कोशिश है कि अभियान केवल औपचारिक आयोजन बनकर न रह जाए, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो.
जीविका दीदियों की भी होगी सक्रिय भागीदारी
जिला परियोजना प्रबंधक को अपने स्तर से जीविका दीदियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है. वहीं सभी प्रखंड कल्याण पदाधिकारी संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर निर्धारित तिथि पर कार्यक्रम के सफल संचालन में सहयोग करेंगे.
इससे अभियान को गांव और टोला स्तर तक पहुंचाने के साथ अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने की तैयारी है.
अधिकारियों और ग्रामीणों ने लिया हिस्सा
कलश यात्रा में अपर समाहर्ता, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी समेत जिला और प्रखंड स्तर के कई अधिकारी शामिल हुए. ग्राम विकास मित्रों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भी यात्रा में हिस्सा लिया.
यात्रा के दौरान सामाजिक सद्भाव और समानता से जुड़े संदेशों के माध्यम से लोगों को एकजुटता का महत्व बताया गया.
क्या है समरसता संकल्प अभियान का उद्देश्य?
‘समरसता संकल्प अभियान’ का मुख्य उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग के बीच समानता, सम्मान, सहयोग और सामाजिक सद्भाव की भावना को मजबूत करना है. अभियान के माध्यम से सामाजिक भेदभाव को दूर करते हुए समावेशी और सौहार्दपूर्ण समाज के निर्माण को गति देने का प्रयास किया जा रहा है.
