कुमारखंड, मधेपुरा.
थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर चंडीस्थान पंचायत अंतर्गत मीरगंज-जदिया एसएच-91 पर केवटगामा चौक के समीप सोमवार की देर शाम हुये सड़क हादसे में गंभीर रूप से जख्मी वृद्ध की बुधवार को इलाज के दौरान मौत हो गयी. घटना के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं स्थानीय लोगों में हादसे को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है. जानकारी के अनुसार वार्ड संख्या 13 निवासी 70 वर्षीय अनंत यादव सोमवार की शाम केवटगामा चौक से पैदल अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान ईंट-भट्ठे से निकलकर कुमारखंड की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर उन्हें जोरदार ठोकर मार दी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रैक्टर चालक काफी तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था. जैसे ही वृद्ध सड़क पार करने लगे, चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रैक्टर सीधे उन्हें टक्कर मारते हुए आगे बढ़ गया. हादसा इतना भयावह था कि वृद्ध सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गये. दुर्घटना के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया. आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत मानवता का परिचय देते हुये जख्मी वृद्ध को उठाया एवं इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुमारखंड पहुंचाया. घटना की सूचना मिलते ही कुमारखंड थानाध्यक्ष रंजन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे तथा मामले की छानबीन शुरू की. पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल वृद्ध की स्थिति की जानकारी ली और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की. ग्रामीणों ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर कुमारखंड निवासी शैलेंद्र यादव का बताया जा रहा है, जो लेथ मशीन का व्यवसाय करते है. हालांकि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. ट्रैक्टर चालक की पहचान एवं गिरफ्तारी को लेकर पुलिस द्वारा कार्रवाई तेज कर दी गयी है. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ वरुण कुमार ने बताया कि दुर्घटना में वृद्ध की दोनों जांघों में गंभीर चोट लगी थी. प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत चिंताजनक देखते हुये बेहतर इलाज के लिए उन्हें उच्च केंद्र रेफर कर दिया गया था. इसके बाद उनका इलाज पीएमसीएच पटना में चल रहा था, जहां बुधवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी. मृत्यु की सूचना गांव पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया. परिजनों के चीत्कार से माहौल भावुक हो उठा. गांव के लोग लगातार पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे रहे. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से एसएच 91 पर भारी वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने, नियमित जांच अभियान चलाने तथा सड़क सुरक्षा के ठोस उपाय करने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में संचालित ईंट-भट्ठों से जुड़े ट्रैक्टर और अन्य भारी वाहन अक्सर तेज गति से चलते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है. लोगों ने प्रशासन से दोषी चालक की जल्द गिरफ्तारी एवं पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है.ट्रैक्टर की जोरदार टक्कर से घायल वृद्ध ने तोड़ा दम, गांव में पसरा मातम
हादसा इतना भयावह था कि वृद्ध सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गये. दुर्घटना के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया. आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत मानवता का परिचय देते हुये जख्मी वृद्ध को उठाया एवं इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुमारखंड पहुंचाया.
