मधेपुरा . समस्तीपुर रेल मंडल के डीआरएम ज्योति प्रकाश ने गुरुवार को मिठाई रेलवे हॉल्ट का निरीक्षण किया. इस दौरान डीआरएम ने प्लेटफाॅर्म, टिकट काउंटर, यात्री प्रतीक्षालय, पेयजल व्यवस्था, शौचालय, सुरक्षा व्यवस्था समेत बुनियादी सुविधाओं की स्थिति को बारीकी से देखा. उन्होंने कहा कि यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा बर्दाश्त नहीं की जायेगी और स्टेशन पर उपलब्ध करायी जाने वाली मूलभूत सुविधाओं में जल्द सुधार किया जायेगा. निरीक्षण के क्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने डीआरएम को मांग पत्र सौंपा. मांग पत्र में बताया कि मिठाई रेलवे हॉल्ट आजादी से पूर्व का ऐतिहासिक स्टेशन है. एक समय ऐसा था जब यहां तीन से चार सरकारी कर्मचारी नियमित रूप से ड्यूटी पर तैनात रहते थे और स्टेशन से प्रतिदिन लाखों रुपये का राजस्व अर्जित होता था. वर्ष 2008 में आयी बाढ़ के बाद बड़ी लाइन बनने पर स्टेशन को उपेक्षित अवस्था में छोड़ दिया गया. इसके कारण आज यह स्टेशन बदहाली का शिकार है. जनप्रतिनिधियों ने डीआरएम को अवगत कराया कि स्टेशन पर यात्री सुविधाओं की कमी है. प्लेटफाॅर्म छोटा और नीचा होने के कारण यात्रियों को ट्रेन पकड़ने और उतरने में परेशानी होती है. न तो समुचित यात्री शेड है, न ही पर्याप्त शौचालय और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था. टिकट व्यवस्था भी पुराने ढर्रे पर चल रही है, जिससे यात्रियों को लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ता है. मांग पत्र में मिठाई रेलवे हॉल्ट को पुनः स्टेशन का दर्जा देने की मांग प्रमुख रूप से रखी गयी. इसके साथ ही प्लेटफाॅर्म की लंबाई, चौड़ाई और ऊंचाई बढ़ाने, कंप्यूटरीकृत टिकट प्रणाली स्थापित करने, यात्री शेड, स्वच्छ शौचालय, पेयजल सुविधा, ओवरब्रिज और प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की गयी. जनप्रतिनिधियों ने बताया कि रेल अंडरपास संख्या 94-ए में बरसात के दिनों में पानी भर जाता है, जिससे आमलोगों को आवागमन में कठिनाई का सामना करना पड़ता है. इसे लेकर स्थायी समाधान की मांग की गयी. वहीं हॉल्ट के दक्षिणी हिस्से से सड़क निकालकर राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-107 से जोड़ने की मांग भी रखी गयी, ताकि क्षेत्र का समग्र विकास हो सके. मौके पर मुखिया नवीन कुमार, पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि अशोक कुमार, सरपंच बलराम प्रसाद यादव आदि मौजूद थे. डीआरएम ज्योति प्रकाश ने जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि मिठाई रेलवे हॉल्ट से उनका भावनात्मक लगाव है और वे स्वयं इसके विकास को लेकर गंभीर हैं. उन्होंने कहा कि हॉल्ट पर जो भी मूलभूत सुविधाओं की कमी है, उसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जायेगा.
मिठाई रेलवे हॉल्ट का डीआरएम ने किया निरीक्षण, यात्री सुविधाओं के विस्तार का दिया भरोसा
मिठाई रेलवे हॉल्ट का डीआरएम ने किया निरीक्षण, यात्री सुविधाओं के विस्तार का दिया भरोसा
