42 केंद्रों पर 28742 परीक्षार्थी देंगे मैट्रिक परीक्षा

जिला में 42 परीक्षा केंद्रों पर 28 हजार सात सौ 42 छात्र-छात्राएं सोमवार से वार्षिक माध्यमिक परीक्षा में सम्मिलित होगी.

आज से होगी वार्षिक माध्यमिक परीक्षा, सब्जी विक्रेता से लेकर राशन दुकानदारों ने की तैयारी

प्रतिनिधि,

मधेपुरा

जिला में 42 परीक्षा केंद्रों पर 28 हजार सात सौ 42 छात्र-छात्राएं सोमवार से वार्षिक माध्यमिक परीक्षा में सम्मिलित होगी. जिला अंतर्गत 42 परीक्षा केंद्र निर्धारित है, इसमें सदर अनुमंडल अंतर्गत छात्रों के लिए 12 परीक्षा केंद्र व छात्राओं के लिए नौ परीक्षा केंद्र निर्धारित है व उदाकिशुनगंज अनुमंडल अंतर्गत छात्रों के लिए 11 व छात्राओं के लिए 10 परीक्षा केंद्र निर्धारित की गयी है. परीक्षा केंद्रों में सदर अनुमंडल अंतर्गत तीन व उदाकिशुनगंज अनुमंडल अंतर्गत एक आदर्श परीक्षा केंद्र निर्धारित किया गया है. परीक्षा को लेकर बाजार भी सजने लगा है. सब्जी विक्रेता से लेकर राशन दुकानदारों ने भी तैयारी कर ली है.

सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगी पूरी परीक्षा

कदाचारमुक्त परीक्षा संचालन के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र के बाहर व अन्य स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाये गये हैं. सोमवार से शुरू होने वाली वार्षिक माध्यमिक परीक्षा में कोई भी कोताही नहीं बरती जाये, इसके लिए रविवार को जिले के सभी वरीय अधिकारियों ने सभी केंद्रों का जायजा लिया.

सुबह नौ बजे व दोपहर 01:30 बजे तक करें प्रवेश

परीक्षा दो पालियों में ली जायेगी. प्रथम पाली की परीक्षा 09:30 बजे से 12:45 बजे तक व द्वितीय पाली 02:00 से 05:15 बजे तक चलेगी. परीक्षार्थी प्रथम पाली में सुबह नौ बजे व द्वितीय पाली में दोपहर 01:30 बजे तक परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश करेंगे. इस बाबत जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन द्वारा पुख्ता तैयारी की गयी है.

नियमों के उल्लंघन करने वालों को नहीं किया जायेगा बर्दाश्त

जिला पदाधिकारी तरंजोत सिंह ने निर्देश दिया कि परीक्षा पूरी तरह कदाचारमुक्त व शांतिपूर्ण होगी. परीक्षा केंद्र पर परीक्षा का संचालन केंद्राधीक्षक व वीक्षक की जिम्मेदारी है. इसमें गड़बड़ी हुई तो इसके लिये केंद्राधीक्षक व वीक्षक पर कार्रवाई की जायेगी. परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी होगी. उन्होंने कहा कि नियमों के उल्लंघन करने वालों को हरगिज बर्दाश्त नहीं किया जायेगा, उनपर कड़ी कार्रवाई की जायेगी. परीक्षा में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी व पुलिस अधिकारी परीक्षा केंद्र पर परीक्षा शुरू होने से पूर्व ससमय हर हाल में पहुंचें. किसी तरह की समस्या होने पर संबंधित अधिकारी या जिले के वरीय अधिकारियों से संपर्क करें.

कदाचार करने में मदद करने वालों की खैर नहीं

एसपी संदीप सिंह ने निर्देश दिया है कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस प्रशासन व्यवस्था दुरूस्त रहेगी. पुलिस बल की कोई कमी नहीं है. पुलिस अपना कार्य सख्ती से करेगी. कदाचार करने में मदद करने वालों की खैर नहीं होगी. सभी परीक्षा केंद्र की स्थिति की बारीकी से जांच की गयी है. आसपास के फोटो स्टेट की दुकानों पर परीक्षा के दौरान सख्ती से नजर रहेगी. परीक्षा कार्य में संलग्न व्यक्ति के अलावा परीक्षा केंद्र पर कोई अन्य व्यक्ति नहीं पहुंचेगा. पुलिस हर हाल में निश्चित समय तक निश्चित रूप से सेंटर पर पहुंच जाय.

परीक्षा हॉल में ही खुलेगा प्रश्न पत्र

डीईओ मो सईद अंसारी ने कहा कि प्रश्न पत्र को परीक्षा हॉल में ही खोला जाये, न कि केंद्राधीक्षक के कक्ष में, कोई भी वीक्षक मोबाइल लेकर अंदर नहीं जायेंगे. इसके लिये केंद्राधीक्षक जिम्मेवार होंगे. जांच में किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. उन्होंने निर्देश दिया कि बैठने की व्यवस्था में केंद्राधीक्षक सतर्कता बरतें. वरीय पदाधिकारी अपनी देखरेख में सीट चार्ट लगवायेंगे. वरीय पदाधिकारी सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी छात्र मोबाइल लेकर परीक्षा हॉल में प्रवेश न करें. महिला केंद्र पर महिला वीक्षक की संख्या ज्यादा दी गयी है.

केंद्र के आसपास लागू रहेगी निषेधाज्ञा

परीक्षा को लेकर सदर अनुमंडल पदाधिकारी संतोष कुमार व उदाकिशुनगंज एसडीएम एसजेड हसन ने निर्देश जारी कर दिया है. सभी परीक्षा केंद्र पर मजिस्ट्रेट मौजूद रहेंगे. वहीं केंद्र के आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम होंगे. बोर्ड के निर्देशानुसार प्रश्न पत्र स्टैटिक मजिस्ट्रेट के समक्ष परीक्षा शुरू होने के दस मिनट पहले खोले जायेंगे. प्रत्येक बैंच पर अधिकतम दो परीक्षार्थी रहेंगे. केंद्र के आसपास निषेधाज्ञा लागू रहेगी. जहां दो या दो से अधिक जुटने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई होगी. इसके अलावा सभी महिला केंद्रों पर महिला पुलिस व महिला कर्मी की प्रतिनियुक्ति की गयी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >