Suryagarha Aspirational Block: प्रतिनिधि, सूर्यगढ़ा. प्रखंड कार्यालय स्थित अंबेडकर भवन सभागार में मंगलवार को आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता जिला योजना पदाधिकारी लखीसराय आशुतोष कुमार ने की. इस दौरान नीति आयोग की मार्च माह की रैंकिंग की जानकारी साझा की गई और प्रखंड के विकास संकेतकों की समीक्षा की गयी.
देश में 59वां, बिहार में पांचवां स्थान
नीति आयोग की मार्च माह की रैंकिंग में सूर्यगढ़ा प्रखंड ने देश के 513 आकांक्षी प्रखंडों में 59वां स्थान हासिल किया है. वहीं बिहार के 61 आकांक्षी प्रखंडों में सूर्यगढ़ा को पांचवां स्थान मिला है. जिला योजना पदाधिकारी ने इस उपलब्धि के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मियों के प्रयासों की सराहना की.उन्होंने कहा कि बेहतर समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए सूर्यगढ़ा को विकास के क्षेत्र में और आगे ले जाने का प्रयास जारी रखना होगा.
स्वास्थ्य केंद्रों के इंक्वास प्रमाणन पर जोर
बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक यानी इंक्वास प्रमाणन पर विशेष चर्चा हुई. प्रखंड के 32 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में से पांच केंद्रों को इंक्वास प्रमाणन मिल चुका है. शेष केंद्रों को भी जल्द प्रमाणित कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई तेज करने पर जोर दिया गया.
वाटर हार्वेस्टिंग कार्यों में तेजी का निर्देश
पर्यावरण एवं जल संरक्षण के तहत भूजल संवर्धन और वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने के लिए वाटर हार्वेस्टिंग कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया गया. अधिकारियों को जल संरक्षण से जुड़े कार्यों की नियमित निगरानी करने को कहा गया, ताकि इसका लाभ ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंच सके.
स्कूलों में उपस्थिति बढ़ाने पर जोर
शिक्षा क्षेत्र की समीक्षा के दौरान विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति बढ़ाने और ड्रॉपआउट दर कम करने पर विशेष जोर दिया गया. सभी विद्यालयों में बालिका शौचालयों के निर्माण और उनके बेहतर रखरखाव को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया.
ये अधिकारी रहे मौजूद
Suryagarha Aspirational Block: बैठक में बीडीओ मंजुल मनोहर मधुप, सीडीपीओ रुबी सिंह, प्रखंड कृषि पदाधिकारी कुंवर विशाल सिंह, कनीय अभियंता, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक प्रफुल्ल कुमार, आकांक्षी प्रखंड फेलो तमन्ना सामल, पीरामल फाउंडेशन गांधी फेलो सहित विभिन्न विभागों के प्रखंड स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे.
इसे भी पढ़ें: 2130 करोड़ से बदलेगी बिहार के इन 3 पर्यटन स्थलों की तस्वीर, जानिए सरकार का मेगा प्लान
