लखीसराय : 80वें स्वतंत्रता दिवस के एक दिन पूर्व शुक्रवार को मानिकपुर क्षेत्र में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला. उत्क्रमित मध्य विद्यालय खांडपर एवं नवसृजित प्राथमिक विद्यालय खांडपर के स्कूली बच्चों ने संयुक्त रूप से तिरंगा यात्रा निकाली. यात्रा खांडपर स्थित विद्यालय परिसर से शुरू होकर सहनीटोला होते हुए इमामनगर तक पहुंची. इस दौरान बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर पूरे उत्साह के साथ भ्रमण किया और देशभक्ति के नारे लगाये.
तिरंगा यात्रा का नेतृत्व उत्क्रमित मध्य विद्यालय खांडपर के प्रधानाध्यापक कपिलदेव प्रसाद एवं नवसृजित प्राथमिक विद्यालय खांडपर के प्रधान शिक्षक वरुण कुमार ने संयुक्त रूप से किया. यात्रा में शामिल छात्र-छात्राओं ने विद्यालय के पोषक क्षेत्र का भ्रमण करते हुए स्वतंत्रता संग्राम में अहम योगदान देने वाले देश के वीर सपूतों को याद किया. बच्चों ने लोगों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश भी दिया.
वीर सपूतों के बलिदान को किया याद
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक नीरज कुमार, सोनी कुमारी, अभिलाषा कुमारी, आभा कुमारी, ममता कुमारी, उर्मिला कुमारी, विभा व्यास समेत अन्य शिक्षक मौजूद थे. शिक्षकों ने बच्चों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व और देश की आजादी के लिए वीर सपूतों द्वारा दिये गये बलिदान के बारे में जानकारी दी.
तिरंगा यात्रा के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला. हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों से मानिकपुर क्षेत्र का माहौल राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत हो गया.
