नगर परिषद सूर्यगढ़ा की विशेष बैठक में 169 करोड़ की योजनाओं को मंजूरी

नगर परिषद सूर्यगढ़ा कार्यालय में शुक्रवार को नगर परिषद की विशेष बैठक आयोजित की गयी

नगर परिषद क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विकास को दी गयी प्राथमिकता सूर्यगढ़ा. नगर परिषद सूर्यगढ़ा कार्यालय में शुक्रवार को नगर परिषद की विशेष बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता नगर परिषद की अध्यक्ष रुपम देवी ने की, जबकि संचालन कार्यपालक पदाधिकारी राकेश कुमार सोहित ने किया. बैठक में नगर परिषद के वार्ड पार्षदों के साथ नगर प्रबंधक एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे. बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए नगर विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर चर्चा करते हुए कुल 169 करोड़ 26 लाख रुपये के प्रस्तावित कार्यों को स्वीकृति दी गयी. इसमें नगर परिषद क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता दी गयी है. बैठक में बताया गया कि राज्य सरकार से 148 करोड़ 32 लाख रुपये प्राप्त होने का अनुमान है, जबकि आंतरिक स्रोतों से भी राशि जुटाकर विभिन्न योजनाओं को क्रियान्वित किया जायेगा. आगामी चालू वित्तीय वर्ष के लिए संपत्ति कर की वसूली का लक्ष्य 50 लाख रुपये रखा गया है. नगर परिषद सूर्यगढ़ा के वित्तीय वर्ष 2026-27 का कुल अनुमानित आय 174 करोड़ 15 लाख रुपये है तथा कुल अनुमानित व्यय 169 करोड़ 26 लाख रुपये उपबंध किया गया है. इस प्रकार 4 करोड़ 90 लाख रुपये का कुल अनुमानित लाभ का बजट पारित किया गया है. मुख्यमंत्री के नगर विकास से संबंधित महत्वाकांक्षी योजनाओं को भी इस बजट में ध्यान रखा गया है. योजनाओं के अंतर्गत नगर परिषद के लिए नये भूमि क्रय हेतु आठ करोड़, मार्केट कॉम्प्लेक्स निर्माण के लिए एक करोड़, सामुदायिक भवन के लिए दो करोड़, रैन बसेरा के लिए दो करोड़, शवदाह गृह के लिए एक करोड़, शहरी गरीबों के लिए बहुमंजिला आवासन हेतु दो करोड़, वेंडर जोन के लिए 50 लाख, रोड एवं नाला निर्माण के लिए 57 करोड़, जलापूर्ति प्रणाली एवं जल जीवन हरियाली योजना के लिए आठ करोड़, पब्लिक लाइट हेतु पांच करोड़, वार्ड सभा कक्ष के लिए दो करोड़, पार्किंग विकास के लिए 10 लाख, सफाई उपकरण एवं वाहन क्रय हेतु आठ करोड़, संपत्ति कर वसूली सॉफ्टवेयर एवं अन्य सॉफ्टवेयर डाटा हेतु 40 लाख, डस्टबिन क्रय हेतु दो करोड़ खर्च करने का उपबंध किया गया है. आवास योजना पर 10 करोड़ की अनुमानित राशि खर्च करने का उपबंध बजट में किया गया है. इसके अलावा शहरी गरीबों के लिए आधारभूत सेवाओं पर उपलब्ध राशि का 28.37 प्रतिशत अर्थात 49 करोड़ 41 लाख लगभग रुपया खर्च करने का उपबंध किया गया है. मौके पर मुख्य पार्षद के अलावे उप मुख्य पार्षद बालेश्वर सिंह, कार्यपालक पदाधिकारी राकेश कुमार सोहित, नगर प्रबंधक लालसा प्रिया, प्रधान सहायक प्रभारी प्रिंस कुमार, वार्ड पार्षद अमृत भाई पटेल, रोशन कुमार झा उर्फ सुग्गा झा, संतोष कुमार सहित कई लोग मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >