निरंजन ने राज्य में पाया सातवां स्थान, राजमिस्त्री के बेटे ने बढ़ाया जिले का मान

निरंजन ने राज्य में पाया सातवां स्थान, राजमिस्त्री के बेटे ने बढ़ाया जिले का मान

केआरके हाई स्कूल के छात्र ने 484 अंक प्राप्त कर गाड़ा सफलता का झंडा, भविष्य में बनना चाहता है आइएएस अधिकारी

लखीसराय. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने रविवार को कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम जारी कर दिया है. इंटर के रिजल्ट के साथ ही मैट्रिक के रिजल्ट में भी शहर के केआरके हाई स्कूल के छात्रों ने अपनी सफलता का परचम लहराने का काम किया है. केआरके हाई स्कूल के छात्र निरंजन कुमार ने रविवार को घोषित मैट्रिक परीक्षा के परिणाम में 484 अंकों के साथ राज्य में सातवां स्थान प्राप्त कर न सिर्फ अपने विद्यालय का बल्कि पूरे जिला का नाम रौशन कर दिया है. उसकी इस सफलता पर पूरे विद्यालय में खुशी का माहौल है.

कठिन संघर्षों के बीच पायी सफलता

निरंजन मूल रूप से शेखपुरा जिला के कोरमा थाना क्षेत्र के भदोसी गांव का निवासी है. वर्तमान में पढ़ाई के लिए अपने बड़े भाई सचिन कुमार व छोटी बहन शारदा कुमारी के साथ शहर के कवैया थाना क्षेत्र अंतर्गत पचना रोड संसार पोखर में किराये के मकान लेकर रहता है. निरंजन के पिता बिरजू साव पंजाब में रहकर राजमिस्त्री का काम करते हैं, जबकि माता फूदो देवी गांव पर ही रहकर घर संभालती हैं. निरंजन ने बताया कि उसका बड़ा भाई सचिन बीपीएससी की तैयारी कर रहा है. छोटी बहन एक निजी स्कूल में कक्षा छह में पढ़ाई कर रही है.

गणित व हिंदी में गाड़े झंडे

निरंजन ने अपनी बेहतरीन तैयारी से सबको चौंका दिया है. उसे मिले अंक उसकी प्रतिभा की कहानी खुद बयां कर रही हैं. उसने गणित में 99, हिंदी में 99, विज्ञान में 98, संस्कृत में 95, सामाजिक विज्ञान में 93 अंक प्राप्त किया है. निरंजन ने बताया कि वह प्रतिदिन छह से आठ घंटे की पढ़ाई करता है. वह दो जगहों पर कन्हैया सर व संजीव सर के यहां कोचिंग भी पढ़ता है.

यूपीएससी की तैयारी कर समाज सेवा का लक्ष्य

राज्य में सातवां स्थान प्राप्त करने वाले निरंजन ने बताया कि वह अपनी इंटर की पढ़ाई भी लखीसराय से ही करना चाहता है. उसने अपने भविष्य के लक्ष्य को साझा करते हुए कहा कि वह आगे चलकर यूपीएससी की तैयारी कर सिविल सर्विस की परीक्षा पास करना चाहता है व समाज की सेवा करना चाहता है. उसने अपनी सफलता का श्रेय अपने बड़े भाई को भी दिया, जो उसका मार्गदर्शन कर रहे हैं.

विद्यालय के प्राचार्य विनय कुमार, शिक्षक चंदन कुमार, राकेश कुमार, अविनाश कुमार, प्रेम प्रकाश, नवीन कुमार, संतोष कुमार व शिक्षिका अपराजिता, खुशबू प्रजापति, नचिकेता, कुमारी प्रीति व स्मिता कुमारी ने निरंजन को बधाई दी. शिक्षकों ने कहा कि उन्हें पहले से विश्वास था कि निरंजन बिहार स्तर पर बेहतर रैंक लाकर जिले का नाम रोशन करेगा. उसकी यह उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए एक नयी प्रेरणा बन गयी है. जिले में निरंजन को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >