प्रेम-प्रसंग में एएसआई पुत्र की गोली मारकर हत्या

स्थानीय थाना क्षेत्र की कसबा पंचायत के मसूदन गांव में शनिवार की रात एक युवक की प्रेस-प्रसंग में गोली मारकर हत्या कर दी

पीरीबाजार.

स्थानीय थाना क्षेत्र की कसबा पंचायत के मसूदन गांव में शनिवार की रात एक युवक की प्रेस-प्रसंग में गोली मारकर हत्या कर दी. मृतक खगड़िया जिला के परबत्ता थाना क्षेत्र के श्रीराजपुर ठुट्ठी गांव निवासी रामबालक सिंह का 26 वर्षीय पुत्र अमर कुमार उर्फ छोटू बताया जा रहा है. मामले में पुलिस एक महिला को उसकी पुत्री व पुत्र के साथ हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. मृतक के पिता प्रारक्ष सहायक अवर निरीक्षक के पद पर भभुआ जिला में कार्यरत हैं. मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गयी है. समाचार लिखे जाने तक पुलिस मृतक के परिजन के पीरीबाजार थाना पहुंचने का इंतजार कर रही है. बताया जा रहा है कि अमर भी आपराधिक प्रवृति का था. उसपर खगड़िया टाउन थाना क्षेत्र में हत्या के मामले में जेल भी जा चुका है. उसके खिलाफ हत्या व रंगदारी को लेकर चार पांच कांड दर्ज होने की बात कही जा रही है.

बता दें कि थाना क्षेत्र अंतर्गत अभयपुर की कसबा पंचायत में मसूदन गांव में रविवार की सुबह एक शव मिलने की सूचना पूरे गांव में आग की तरफ फैल गयी. जिसके बाद ग्रामीणों ने मामले से पुलिस को अवगत कराया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ शुरू की. हालांकि काफी देर तक शव की पहचान नहीं होने से पुलिस भी असमंजस में थी. जिसके बाद पुलिस ने शव के आसपास सुराग को खंगालना प्रारंभ किया तो शव से सौ मीटर की दूरी पर स्थित कुएं के पास से एक देसी कट्टा बरामद हुआ. जिसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जांच के लिए एफएसएल की टीम तथा डॉग स्क्वायड को बुलाया. एफएसएल की टीम द्वारा जांच में युवक के जेब से एक सैमसंग का कीपैड मोबाइल फोन, एक सिगरेट का पैकेट, एक एयरबर्ड्स और 13 सितंबर का सुल्तानगंज से अभयपुर का जनरल टिकट बरामद किया. वहीं कुएं से शव के बीच की गली में जगह-जगह खून के धब्बे देखने को मिल रहे थे. जिससे लोगों ने अंदाजा लगाया कि रात्रि के समय ही घटना को अंजाम दिया गया है. वहीं युवक के सर में गोली मारने का निशान भी पाये गये, साथ ही घटनास्थल के पास जो हथियार बरामद हुई जिसमें गोली का खोखा भी पाया गया. हालांकि घटना के बाद ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगी. लोगों में इस बात की चर्चा है कि शनिवार की रात करीब साढ़े आठ बजे एक आवाज सुनाई दी थी. बता दें कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर थाना लाया जिसके बाद मोबाइल फोन की जांच कर उसके परिजनों को इसकी सूचना दी.

एसडीपीओ घटनास्थल पर पहुंचकर की मामले की जांच

रविवार दोपहर एसडीपीओ शिवम कुमार घटनास्थल पर पहुंचे. जहां करीब एक घंटे तक मामले की छानबीन की. जिसके बाद उक्त मामले में एक महिला, एक युवती तथा एक युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया. बताया जा रहा है कि मृतक के पिता कोरोना काल के पूर्व अभयपुर में पोस्टेड थे. जिस दौरान मृतक छोटू को क्षेत्र की एक लड़की के साथ प्रेम-प्रसंग शुरू हुआ था. छोटू के आपराधिक प्रवृत्ति की वजह से लड़की के परिजन इस रिश्ते के खिलाफ थे.

बोले एसडीपीओ

घटनास्थल की जांच के उपरांत एसडीपीओ शिवम कुमार ने बताया कि मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा हुआ है. मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. मृतक के पिता वर्तमान में प्रारक्ष सहायक अवर निरीक्षक के पद पर भभुआ में कार्यरत हैं. जिन्हें सूचना दे दी गयी है. उनके पहुंचने के उपरांत आगे की कार्रवाई की जायेगी. एसडीपीओ ने बताया कि मृतक के पिता कोरोना काल से पूर्व अभयपुर में पोस्टेड थे. उसी समय से मृतक के क्षेत्र की एक लड़की से प्रेम-प्रसंग चलने की बात बतायी जा रही है. मृतक पर भी हत्या व रंगदारी सहित आधा दर्जन मामले दर्ज थे. मृतक के आपराधिक छवि की वजह से लड़की वाले इस रिश्ते के खिलाफ थे. एसडीपीओ ने बताया कि मामले को लेकर पुलिस जांच कर रही है. जल्द ही हत्या में शामिल लोगों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rajeev Murarai Sinha Sinha

Rajeev Murarai Sinha Sinha is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >