बिजली जाते ही ठप हो जाता है किऊल पोस्ट ऑफिस, जनरेटर नहीं होने से उपभोक्ता परेशान

किऊल पोस्ट ऑफिस में जनरेटर की सुविधा न होने से उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बिजली कटते ही कामकाज ठप हो जाता है, जिससे घंटों इंतजार करना पड़ता है. डाक अधीक्षक ने जनरेटर उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू करने का आश्वासन दिया है.

लखीसराय : सदर प्रखंड स्थित किऊल पोस्ट ऑफिस में जनरेटर की सुविधा नहीं होने से उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बिजली कटते ही पोस्ट ऑफिस का सारा कामकाज ठप हो जाता है. इससे राशि जमा करने, निकालने, पेंशन सहित अन्य जरूरी कार्यों के लिए आने वाले लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता है.

बिजली कटते ही बंद हो जाता है सिस्टम

बताया जाता है कि किऊल पोस्ट ऑफिस को बिजली की आपूर्ति किऊल रेलवे स्टेशन के ग्रिड से होती है. ग्रिड से बिजली आपूर्ति बाधित होते ही पोस्ट ऑफिस में अंधेरा छा जाता है और कंप्यूटर समेत अन्य उपकरण बंद हो जाते हैं. इसका सीधा असर लेन-देन और अन्य डाक सेवाओं पर पड़ता है.

रोज आते हैं सौ से अधिक उपभोक्ता

किऊल पोस्ट ऑफिस का कारोबार काफी बड़ा बताया जाता है. यहां सैकड़ों बचत खाताधारी, सावधि जमा खाताधारी और पेंशनधारी उपभोक्ता जुड़े हैं. प्रतिदिन सौ से अधिक लोगों का लेन-देन होता है. इसके बावजूद अब तक यहां बिजली कटने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था के लिए जनरेटर उपलब्ध नहीं कराया गया है.

ट्रेन पकड़ने वाले यात्रियों की बढ़ती है परेशानी

सबसे अधिक परेशानी उन लोगों को होती है, जो ट्रेन पकड़ने से पहले पोस्ट ऑफिस से राशि निकालने पहुंचते हैं. बिजली नहीं रहने पर उन्हें इंतजार करना पड़ता है. लोगों का कहना है कि बिजली कुछ मिनट में आएगी या कई घंटे बाद, इसकी कोई निश्चित जानकारी नहीं मिल पाती.

स्थानीय लोगों के अनुसार जनरेटर की व्यवस्था को लेकर किस स्तर पर शिकायत की जाए, इसकी भी स्पष्ट जानकारी नहीं है. सूत्रों की मानें तो यहां पदस्थापित रहे पोस्टमास्टर समय-समय पर जनरेटर उपलब्ध कराने के लिए विभागीय अधिकारियों को पत्र लिखते रहे हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई.

जनरेटर उपलब्ध कराने की अपनाई जाएगी प्रक्रिया

इस संबंध में डाक अधीक्षक मनोज कुमार मधुकर ने बताया कि बिजली कटने से संबंधित शिकायतें मिल रही हैं. इस मामले में बिजली विभाग के अधिकारियों से बात की जाएगी. साथ ही पोस्ट ऑफिस में जनरेटर उपलब्ध कराने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >