पैक्सों के कार्यों को डिजिटल व आधुनिक ढंग से करने की दी जानकारी

पैक्स अध्यक्ष, पैक्स प्रबंधक व व्यापार मंडल अध्यक्षों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन गुरुवार को लखीसराय संग्रहालय सभागार में किया गया

पैक्स अध्यक्ष, पैक्स प्रबंधक एवं व्यापार मंडल अध्यक्षों मिला प्रशिक्षण

डीएम ने किया प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन

प्रशासनिक एवं वित्तीय प्रबंधन, लेखा संधारण, कंप्यूटरीकरण को लेकर दिया गया प्रशिक्षण

लखीसराय

पैक्स अध्यक्ष, पैक्स प्रबंधक व व्यापार मंडल अध्यक्षों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन गुरुवार को लखीसराय संग्रहालय सभागार में किया गया. जिसका विधिवत शुभारंभ डीएम मिथिलेश मिश्र, मुंगेर-जमुई सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक की अध्यक्ष मिंटू देवी, जिला सहकारिता पदाधिकारी सुमन कुमारी एवं अन्य मंचासीन आगंतुकों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य पैक्स अध्यक्षों एवं प्रबंधकों को सहकारिता से संबंधित विभिन्न योजनाओं, प्रशासनिक एवं वित्तीय प्रबंधन, लेखा संधारण, कंप्यूटरीकरण तथा किसानों को उपलब्ध करायी जाने वाली सेवाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान करना था. पैक्सों में लेखा संधारण व अंकेक्षण की प्रक्रिया के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गयी, ताकि सभी पैक्सों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित हो सके.

कार्यशाला के दौरान पीएसीएस कंप्यूटराइजेशन से संबंधित प्रशिक्षण भी दिया गया, जिसके माध्यम से पैक्सों के कार्यों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने और कार्य प्रणाली को आधुनिक बनाने की जानकारी दी गयी. साथ ही पैक्सों को डिपॉजिट मोबिलाइजेशन एजेंट के रूप में कार्य करने के संबंध में भी प्रशिक्षित किया गया, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं की पहुंच को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके. प्रशिक्षण में पैक्सों के अंकेक्षण, सहकारिता से संबंधित नियमों, गोदाम निर्माण, फसल सहायता योजना, मुख्यमंत्री हरित कृषि संयंत्र योजना सहित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गयी. साथ ही किसानों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने तथा पैक्सों के माध्यम से कृषि आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देने के उपायों पर भी चर्चा की गयी. कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों के प्रश्नों का समाधान भी किया तथा उन्हें अपने-अपने पैक्सों में पारदर्शिता, उत्तरदायित्व एवं सेवा भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया. कार्यक्रम में सहकारिता विभाग के पदाधिकारी, प्रशिक्षकगण, पैक्स अध्यक्ष, प्रबंधक एवं व्यापार मंडल के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rajeev Murarai Sinha Sinha

Rajeev Murarai Sinha Sinha is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >