मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर लगाया था दहेज हत्या का आरोप
हलसीपुलिस ने शनिवार को एक विवाहिता की मौत मामले में उसके ही पति को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने घोंघसा निवासी विजय सिंह के पुत्र सत्यम कुमार को गिरफ्तार कर शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. बता दें कि थाना क्षेत्र अंतर्गत घोंघसा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गयी थी. घटना शुक्रवार की है. मृतका घोंघसा गांव निवासी सत्यम सिंह की 28 वर्षीय पत्नी काजू कुमारी थी. पुलिस के द्वारा बरामद शव में गले पर गहरे निशान मिले थे, जिससे फंदा लगाने से मौत की आशंका जतायी गयी थी. घटना की सूचना पर काजू कुमारी के मायके बड़हिया थाना क्षेत्र अंतर्गत जैतपुर गांव से उसकी बहन, भाई एवं अन्य परिजन घोंघसा गांव पहुंचे. मृतका की बहन आरती कुमारी एवं रौशनी कुमारी ने बताया कि 23 फरवरी 2017 को काजू कुमारी का विवाह हिंदू रीति-रिवाज से घोंघसा गांव निवासी विजय सिंह के पुत्र सत्यम कुमार से हुआ था. शादी के बाद काजू ने दो पुत्रों को जन्म दिया, जिसका नाम आर्यन और अर्णव कुमार हैं. मृतका काजू कुमारी की बहन रौशनी कुमारी ने हलसी थाने में लिखित आवेदन देकर कहा कि उसकी बहन की दहेज की वजह से हत्या की गयी है. आवेदन में कहा गया है कि उसकी मंझली बहन को दहेज के लिए सास शोभा देवी, ससुर विजय सिंह, पति सत्यम कुमार, बाबा ससुर निवारक सिंह, ननद विक्की कुमारी एवं ननदोई डिंपल सिंह द्वारा प्रताड़ित किया जाता था. वहीं इस संबंध में हलसी थानाध्यक्ष राजेश कुमार रंजन ने बताया कि शुक्रवार को घोंघसा गांव में संदिग्ध परिस्थिति में काजू कुमारी की मृत्यु हुई थी. इस मामले में मृतका के पति सत्यम कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है. वहीं, मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है.
