सूर्यगढ़ा. नगर परिषद क्षेत्र के जकड़पुरा गांव में सोमवार की सुबह आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट में किशोरी सहित तीन लोग जख्मी हो गये. घटना में एक पक्ष के एक व्यक्ति तथा दूसरे पक्ष के किशोरी एवं उसका भाई जख्मी हो गया. दोनों पक्षों द्वारा मामले को लेकर सूर्यगढ़ा थाना में आवेदन दिया गया है. मामले में जकड़पुरा गांव के रहने वाले उपेंद्र राम उर्फ गरीब राम के पुत्र 33 वर्षीय आकाश कुमार एवं दूसरे पक्ष के इसी गांव के रहने वाले सीताराम पोद्दार का पुत्र विपिन कुमार एवं उसकी 17 वर्षीय पुत्री कुमकुम कुमारी जख्मी हो गये. तीनों घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सूर्यगढ़ा में उपचार हुआ. घायल आकाश ने बताया कि विरोधी पक्ष द्वारा उसके छोटे भाई के साथ अभद्र व्यवहार किया जा रहा था. मना करने पर लोहे की रॉड से प्रहार कर जख्मी कर दिया गया. दूसरे पक्ष के विपिन कुमार ने बताया कि विरोधी पक्ष द्वारा उसकी बहन के साथ अक्सर छेड़खानी किया जाता था. जिसका विरोध करने पर मारपीट की गयी. अपर थानाध्यक्ष सूर्यगढ़ा रंजीत कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों द्वारा आवेदन दिया गया है, प्राथमिकी दर्ज की जायेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
