लखीसराय से अजीत सिंह व देव कुमार की खबर: कबैया थाना क्षेत्र के नया बाजार स्थित सूर्यनारायण घाट पर शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया. किऊल नदी में चल रहे यज्ञ में शामिल होने जा रहा एक बालक नदी की तेज धार में बहकर लापता हो गया. घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है. राजस्व अधिकारी रोशन कुमार ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और बालक की तलाश के लिए गोताखोरों की टीम को बुलाया है.
प्रशासनिक पाबंदी को ताक पर रख रहे श्रद्धालु
विदित हो कि जमुई डैम से पानी छोड़े जाने के कारण किऊल नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया है. सुरक्षा खतरों को देखते हुए शुक्रवार को ही एसडीओ प्रभाकर कुमार के आदेश पर अंचलाधिकारी अजय राठौर और थानाध्यक्ष ने यज्ञ के आयोजन पर रोक लगा दी थी. यज्ञ स्थल तक जाने वाला कच्चा रास्ता भी पानी के दबाव में टूट चुका है और वहां बैरिकेडिंग की गई थी. इसके बावजूद श्रद्धालु जान जोखिम में डालकर नदी पार कर रहे हैं. इसी क्रम में शनिवार सुबह करीब 10 बजे एक बालक गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गया.
गोताखोरों की टीम तलाश में जुटी
राजस्व अधिकारी रोशन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बालक नदी पार करने की कोशिश कर रहा था, तभी वह पानी में समा गया. स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर उसे ढूंढने का काफी प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली. अब एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद ली जा रही है. अधिकारी ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही बालक को ढूंढ लिया जाएगा.
लापरवाही पड़ रही भारी
नदी के किनारे राजस्व कर्मचारी कुंदन कुमार और थानाध्यक्ष रणधीर कुमार लगातार गश्त कर रहे थे और लोगों को पानी में न जाने की हिदायत दे रहे थे. इसके बावजूद श्रद्धालुओं की बेतहाशा भीड़ नियमों का उल्लंघन कर रही है. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पानी की धार इतनी तेज है कि वयस्क लोगों के लिए भी पैर जमाना मुश्किल हो रहा है. फिलहाल, पुलिस और प्रशासन की टीम लापता बच्चे की पहचान करने और उसे बरामद करने की कोशिशों में जुटी है.
