बड़हिया गंगा घाटों पर सुरक्षा सख्त! तैनात रहेंगे आपदा मित्र और एएलएस एम्बुलेंस, टूटे सीढ़ियों पर लगेगी जाली; DM का निर्देश

आगामी सोमवारी को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़हिया के गंगा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. DM शैलेंद्र कुमार ने विभिन्न घाटों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं.

लखीसराय के बड़हिया में गंगा के बढ़ते जलस्तर और आगामी सोमवारी को घाटों पर उमड़ने वाली संभावित भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं. शनिवार को डीएम शैलेंद्र कुमार के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने बीएनएम कॉलेज गंगा घाट समेत विभिन्न घाटों का निरीक्षण किया. टूटे सीढ़ी घाट पर जाली लगाने, पर्याप्त रोशनी, पार्किंग, माइकिंग, आपदा मित्रों और पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए गए. घाट पर एएलएस एंबुलेंस के साथ डॉक्टर भी मौजूद रहेंगे.

बीएनएम कॉलेज घाट समेत कई स्थानों का लिया जायजा

डीएम शैलेंद्र कुमार के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने बड़हिया के विभिन्न गंगा घाटों पर पहुंचकर सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की. निरीक्षण के दौरान एसपी प्रेरणा कुमार, डीडीसी सुमित कुमार, एसडीएम प्रभाकर कुमार, एसडीपीओ शिवम कुमार समेत जिले के कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे.

टूटे सीढ़ी घाट पर जाली लगाने का निर्देश

निरीक्षण के दौरान डीएम ने टूटे हुए सीढ़ी घाट वाले हिस्सों को चिन्हित कर वहां सुरक्षा जाली लगाने का निर्देश दिया. उन्होंने शौचालय के बगल में खुले हिस्से को भी तार की जाली से कवर करने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं के आवागमन के दौरान दुर्घटना की आशंका को कम किया जा सके.

मध्य रात्रि से उमड़ सकती है श्रद्धालुओं की भीड़

डीएम ने बताया कि सोमवारी को लेकर रविवार की मध्य रात्रि से ही गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने की संभावना है. इसे देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को लेकर आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं. घाटों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं.

एएलएस एंबुलेंस के साथ डॉक्टर की होगी तैनाती

घाट पर आपात स्थिति से निपटने के लिए एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट सिस्टम (एएलएस) एंबुलेंस के साथ डॉक्टर की प्रतिनियुक्ति की जाएगी. इसके अलावा माइकिंग के माध्यम से लगातार सुरक्षा संबंधी घोषणाएं की जाएंगी. आपदा मित्रों की तैनाती के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल भी घाटों पर मौजूद रहेगा.

पूर्णिमा पर भी सुरक्षा व्यवस्था की मांग

निरीक्षण के दौरान घाट पर मौजूद ग्रामीणों और वार्ड पार्षदों ने पूर्णिमा के अवसर पर भी श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए बेहतर सुरक्षा व्यवस्था की मांग की. डीएम ने उनकी मांग को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

वाहनों के लिए घाट से दूर बनेगी पार्किंग

श्रद्धालुओं की भीड़ और वाहनों के दबाव को नियंत्रित करने के लिए घाट से कुछ दूरी पर ही वाहनों को रोकने की व्यवस्था की जाएगी. इसके लिए स्कॉलर वाले मैदान में पार्किंग स्थल बनाने का निर्णय लिया गया है. घाट क्षेत्र में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया गया.

बढ़ते जलस्तर पर प्रशासन की नजर

गंगा के बढ़ते जलस्तर को लेकर डीएम शैलेंद्र कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. उन्होंने कहा कि जलस्तर और परिस्थितियों के अनुसार हरसंभव सुरक्षा कदम उठाए जाएंगे, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण मिल सके.

जगदंबा मंदिर में की पूजा-अर्चना

गंगा घाटों के निरीक्षण के बाद डीएम शैलेंद्र कुमार और एसपी प्रेरणा कुमार ने जगदंबा मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की. दोनों अधिकारियों ने माता के दरबार में माथा टेककर क्षेत्र की सुख-शांति और श्रद्धालुओं की सुरक्षित यात्रा की कामना की.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजीव मुरारी सिन्हा

राजीव मुरारी सिन्हा लखीसराय में प्रिंट माध्यम में 23 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के लखीसराय कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >