Lakhisarai, लखीसराय में नीरा से बदली जीविका दीदियों की तकदीर

-रामनगर अमहरा में नये बिक्री केंद्र का क्या गया शुभारंभ

लखीसराय से राजीव मुरारी सिंह की रिपोर्ट:

ताड़ी व्यवसाय की जगह नीरा उत्पादन को अपनाकर लखीसराय की जीविका दीदियां आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश कर रही हैं. शनिवार को सदर प्रखंड के रामनगर अमहरा गांव में ‘सुरज जीविका महिला नीरा उत्पादक समूह’ द्वारा संचालित नीरा उत्पादन सह बिक्री केंद्र का शुभारंभ किया गया.

जीविका दीदी ने किया उद्घाटन

इस केंद्र का उद्घाटन जीविका दीदी अनीता देवी ने फीता काटकर किया. उद्घाटन के साथ ही यहां 23 जीविका दीदियों को सीधे रोजगार मिला है. अनीता देवी ने कहा, “नीरा बेचकर अब हम सम्मान से जी रही हैं. पहले ताड़ी बेचने पर समाज में हीन भावना से देखा जाता था, लेकिन नीरा ने हमें पहचान और इज्जत दोनों दी है.”

पांच साल से जारी है बदलाव की कहानी

जिले में पिछले पांच वर्षों से नीरा उत्पादन का काम चल रहा है. वर्तमान में कुल सात नीरा उत्पादक समूह सक्रिय हैं. रामगढ़ चौक के तेतरहाट गांव में पहले से ही तीन नीरा उत्पादन सह बिक्री केंद्र सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं. वहीं हलसी और सूर्यगढ़ा प्रखंड में भी नए केंद्र खोलने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है.

क्या है नीरा और क्यों है खास?

नीरा, ताड़ के पेड़ से निकलने वाला प्राकृतिक रस है जो बिना नशे का होता है. इसमें कैल्शियम, आयरन और विटामिन प्रचुर मात्रा में पाये जाते हैं. गर्मी के मौसम में यह शरीर को ठंडक देने के साथ-साथ ऊर्जा भी देता है. ताड़ी के विपरीत, नीरा को स्वास्थ्यवर्धक पेय के रूप में मान्यता मिली है.

आत्मनिर्भरता के साथ बढ़ा मान-सम्मान

जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक ने बताया कि नीरा बिक्री से दीदियों की मासिक आय 6 से 8 हजार रुपये तक बढ़ी है. सबसे बड़ी बात यह है कि इस काम से उन्हें सामाजिक सम्मान भी मिला है. पहले जो महिलाएं घर से बाहर नहीं निकलती थीं, आज वे समूह बनाकर उत्पादन, पैकेजिंग और बिक्री का पूरा काम संभाल रही हैं.

आगे की योजना

जीविका लखीसराय द्वारा जिले के अन्य प्रखंडों में भी नीरा केंद्र खोलने की तैयारी है. लक्ष्य है कि ज्यादा से ज्यादा परिवारों को ताड़ी के बजाय नीरा उत्पादन से जोड़ा जाए ताकि ग्रामीण महिलाओं का आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण हो सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: MANISH KUMAR

MANISH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >