लखीसराय से अजीत सिंह की रिपोर्ट,
16 मई को पिछले दिनों के मुकाबले तेज धूप ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी. उमस भरी गर्मी और कड़ी धूप के कारण घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया. सुबह से ही तेज धूप देखकर लोग अपने जरूरी काम निपटाने में व्यस्त दिखे. सुबह की धूप देखकर ही लोगों ने दोपहर में भीषण गर्मी का अंदाजा लगा लिया.लोगों का कहना है कि दोपहर में तेज धूप के कारण गर्मी और बढ़ेगी. सुबह 9 बजे तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. दोपहर तक इसके 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है. 14 और 15 मई को भी तेज धूप और गर्मी से बचने के लिए लोग गमछा, टोपी और चश्मा का उपयोग करते नजर आये.मौसम विभाग के अनुसार, शाम तक 50 प्रतिशत बारिश की संभावना है. साथ ही आंधी-तूफान और लू चलने का भी अनुमान जताया गया है. 16 मई को न्यूनतम तापमान 29 डिग्री और अधिकतम 40 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.चिकित्सक डॉ. संजय कुमार ने कहा कि ऐसे मौसम में ज्यादा से ज्यादा पेय पदार्थों का सेवन करें. लू से बचने के लिए अनावश्यक घर से बाहर न निकलें. धूप और गर्मी से बचने के लिए तरल पदार्थ लेते रहें.
