चानन (लखीसराय) : नक्सलियों के दो दिवसीय बंदी को लेकर सोमवार की रात 11.30 बजे से किऊल-झाझा रेलखंड में भलूई ब्लॉक हॉल्ट में ताला जड़ा रहा. उक्त हॉल्ट पर ड्यूटी पर तैनात केबिन मैन को नक्सलियों के द्वारा धमकी दी गयी. उसके बाद दहशत के कारण रेलकर्मी हॉल्ट में ताला जड़कर चले गये.
हॉल्ट में सोमवार की रात से मंगलवार को समाचार प्रेषण तक ताला लटका रहा. जिसके कारण उक्त रेल खंड पर ट्रेनों के परिचालन का नियंत्रण जमुई व मननपुर स्टेशन से किया गया. वहीं, चौरा हॉल्ट को गिद्धौर में शिफ्ट कर दिया गया. जानकारी के अनुसार, किऊल -झाझा रेलखंड नक्सलियों का सेफ जोन माना जाता है. शाम ढलने के बाद इस रूट में सड़क हो या रेल दोनों मार्ग से पुलिस जाने से उन्हें कई बार सोचना पड़ता है. इस रेल मार्ग पर कई नक्सली वारदात हो चुका है.
