आरोपी शिवम पूर्व में भी गांजा तस्करी मामले में जा चुका है जेल, कोर्ट ने सुनायी थी छह वर्ष की वर्ष
बड़हिया थानाध्यक्ष सीओ के नेतृत्व में हुई छापेमारी
बड़हिया. स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत जैतपुर गांव में शुक्रवार को पुलिस ने गांजा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की. गुप्त सूचना के आधार पर की गयी छापेमारी में पुलिस ने लगभग 34 किलो गांजा और एक देसी कट्टा बरामद किया है. मामले में गांव के ही निवासी देवकांत सिंह के पुत्र शुभम सिंह को नामजद अभियुक्त बनाया गया है. पुलिस को सूचना मिली थी कि शुभम सिंह अपने घर में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर तस्करी कर रहा है. इस पर एसपी अजय कुमार के निर्देश पर थानाध्यक्ष बृजभूषण सिंह व अंचलाधिकारी सह मजिस्ट्रेट राकेश आनंद के नेतृत्व में पुलिस बल ने टीम बनाकर छापेमारी की. जब पुलिस दल घर पहुंचा तो मुख्य दरवाजा बंद मिला. इसके बाद मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में दरवाजा खुलवाकर तलाशी अभियान शुरू किया गया. तलाशी के दौरान एक कमरे से दो बोरे और पैकेट में बंद करीब 34 किलो गांजा बरामद हुआ, इसके साथ ही एक देसी कट्टा भी पुलिस ने जब्त की. जानकारी के अनुसार के देवकांत सिंह के पुत्र आरोपी शुभम सिंह वर्ष 2017 में भी गांजा तस्करी के मामले में गिरफ्तार हो जेल जा चुका है. उस समय अदालत ने उसे छह वर्ष की सजा सुनायी थी. अब एक बार फिर उसी के खिलाफ भारी मात्रा में गांजा बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गयी है. थानाध्यक्ष बृजभूषण सिंह ने बताया कि यह पूरी कार्रवाई एसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गयी है. उन्होंने कहा कि तस्करों के खिलाफ अभियान तेज किया गया है और इसमें किसी भी सूरत में ढिलाई नहीं बरती जायेगी. बरामद गांजा और हथियार को जब्त कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है.
——————————————————————————————————डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
