लखीसराय. पुलिस केंद्र, लखीसराय में सोमवार को गरिमामय वातावरण में पीपिंग समारोह का आयोजन किया गया. इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार एवं पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित) ने पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय (पीटीसी) परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) के पद पर पदोन्नत हुए 16 पुलिस जवानों के कंधों पर सितारे सजाकर उन्हें अलंकृत किया.
पदोन्नति के साथ बढ़ी जिम्मेदारियां
समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने सभी पदोन्नत अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि पदोन्नति केवल उपलब्धि नहीं, बल्कि कर्तव्यों और जिम्मेदारियों में बढ़ोतरी का प्रतीक है. उन्होंने अधिकारियों से जनता के प्रति संवेदनशील, ईमानदार और निष्पक्ष रहकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा पुलिस की सकारात्मक छवि को और मजबूत करने का आह्वान किया.
निष्ठा और अनुशासन के साथ करें दायित्वों का निर्वहन
पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित) ने भी सभी प्रोन्नत अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए नई जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ निर्वहन करने की प्रेरणा दी.
उल्लास और गर्व के माहौल में हुआ सम्मान
पीपिंग समारोह के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने पदोन्नत साथियों का उत्साहवर्धन किया. पूरे कार्यक्रम में उल्लास और गर्व का माहौल रहा. लखीसराय पुलिस ने कहा कि जिले में बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सेवा के लिए पुलिस बल पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा.
ALSO READ : इंस्टाग्राम का 'इश्क' और पुलिस का 'एक्शन': घर से भागे नाबालिग प्रेमी-प्रेमिका सकुशल बरामद
