किशनगंज में बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के अंतर्गत सातवें निश्चय 'सबका सम्मान-जीवन आसान' को प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से सोमवार को जिलाधिकारी नवीन कुमार ने आम लोगों की समस्याएं सुनीं. इस दौरान उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि सप्ताह में दो दिन सोमवार और शुक्रवार को अपने-अपने कार्यालयों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर लोगों की शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें.
कार्यालयों में अनिवार्य होगी बुनियादी सुविधाएं
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी सरकारी कार्यालयों में आगंतुकों के बैठने की समुचित व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं हर हाल में उपलब्ध रहनी चाहिए. उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी व्यक्ति को सरकारी कार्यालय में आने पर असुविधा का सामना नहीं करना पड़े.
आगंतुक पंजी और शिकायतों की होगी नियमित निगरानी
डीएम ने प्रत्येक कार्यालय में आगंतुक पंजी का नियमित संधारण करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की शिकायत का विधिवत पंजीकरण किया जाए तथा उसका समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए. साथ ही प्रखंड, पंचायत एवं जिला स्तर पर प्रतिदिन कार्यालयों में आने वाले लोगों की संख्या की रिपोर्ट भी तैयार कर भेजने का निर्देश दिया गया.
अनुपस्थिति पर अधिकृत अधिकारी करेंगे सुनवाई
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी कारणवश संबंधित पदाधिकारी कार्यालय में उपस्थित नहीं रह पाते हैं, तो उनके स्थान पर अधिकृत अधिकारी आम लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनेंगे. जिन अधिकारियों के पास एक से अधिक कार्यालयों का प्रभार है, उन्हें सोमवार और शुक्रवार को निर्धारित समय के अनुसार सभी कार्यालयों में उपस्थित रहना होगा.
लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
जिलाधिकारी नवीन कुमार ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी कार्यालय में निर्धारित व्यवस्था का पालन नहीं किया गया या अधिकृत अधिकारी भी अनुपस्थित पाए गए, तो संबंधित पदाधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि 'सबका सम्मान-जीवन आसान' कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों को सरल, पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन उपलब्ध कराना है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
