सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, खाली कराया गया परिसर

सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, खाली कराया गया परिसर

तमिलनाडु से भेजा गया धमकी भरा ईमेल, सुरक्षा कड़ी कर न्यायिक कार्य किए गए स्थगित

किशनगंज. किशनगंज सिविल कोर्ट को बुधवार को एक बार फिर ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिससे पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया. बुधवार सुबह करीब सात बजे न्यायालय के आधिकारिक ईमेल पर आए इस संदेश में परिसर के भीतर विस्फोटक होने का दावा किया गया था. सूचना मिलते ही एसपी संतोष कुमार ने वरीय अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने का निर्देश दिया, जिसके बाद पूरा परिसर छावनी में तब्दील हो गया. सुरक्षा कारणों से बुधवार को कोर्ट की सभी कार्यवाही स्थगित कर दी गयी.

बम व डॉग स्क्वायड ने खंगाला कोना-कोना

धमकी मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे कोर्ट परिसर को खाली करवा लिया. डॉग स्क्वायड व बम स्क्वायड की टीम को बुलाकर भवन के हर कोने की बारीकी से तलाशी ली गयी. हालांकि, काफी मशक्कत के बाद भी अब तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है. शुरुआत में मुख्य गेट पर मेटल डिटेक्टर से जांच कर ही लोगों को अंदर जाने दिया जा रहा था, लेकिन बाद में सुरक्षा को देखते हुए कामकाज पूरी तरह बंद कर दिया गया.

तमिलनाडु से जुड़ा है ईमेल का तार

एसडीपीओ वन गौतम कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में धमकी भरा ईमेल तमिलनाडु से भेजा गया प्रतीत होता है. साइबर थाने की टीम ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है. उन्होंने बताया कि कोर्ट के सरकारी ईमेल पर धमकी मिलने के बाद परिसर की सुरक्षा पहले से अधिक बढ़ा दी गयी है. पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए हर तकनीकी पहलू की जांच कर रही है.

एक महीने के भीतर दूसरी बार मिली धमकी

बताते चलें कि किशनगंज सिविल कोर्ट को उड़ाने की यह कोई पहली धमकी नहीं है. इससे पूर्व बीते आठ जनवरी को भी न्यायालय परिसर को इसी तरह बम से उड़ाने की धमकी दी गयी थी. बार-बार मिल रही इन धमकियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं. एसडीपीओ ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और पुलिस जांच में सहयोग करें.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Awadhesh kumar

अवधेश कुमार विगत 25 वर्षों से पत्रकारिता से जुड़े हुए हैं. इन्होंने बतौर पत्रकार अपने कैरियर की शुरूआत वर्ष 2001 से की. उसके बाद विगत 15 वर्षो से प्रभात खबर, किशनगंज के कार्यालय प्रभारी के रूप में कार्यरत हैं. इनकी रूचि राजनीतिक, सामाजिक व अपराध से जुड़ी खबरों में है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >