निकली बाबा भोले की भव्य बारात, भक्ति गीतों पर बेसुध होकर झूमे श्रद्धालु

निकली बाबा भोले की भव्य बारात, भक्ति गीतों पर बेसुध होकर झूमे श्रद्धालु

नन्हें शिव बने आकर्षण का केंद्र, सुरक्षा को लेकर मुस्तैद रहे एसडीपीओ व थानाध्यक्ष

गलगलिया. महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर रविवार को सीमावर्ती क्षेत्र गलगलिया में भक्ति का अनूठा सैलाब उमड़ा. स्थानीय गलगलिया बाजार स्थित शिव मंदिर से भगवान भोलेनाथ की भव्य बारात निकाली गयी, जिसमें ”बम-बम भोले” व ”बम लहरी” जैसे भक्ति गीतों पर श्रद्धालु जमकर झूमे. पूरी फिजा शिवमय हो गयी व हर कोई इस अलौकिक बारात का साक्षी बनने के लिए आतुर दिखा.

नन्हें शिव ने मोहा मन, महिलाओं में दिखा जबरदस्त उत्साह

बारात में भगवान शिव की वेशभूषा में सजे एक नन्हें बालक ने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा. युवाओं के साथ-साथ महिलाओं में भी अभूतपूर्व ऊर्जा देखने को मिली, जो शिव धुन पर पूरी तरह मग्न होकर नृत्य करती दिखीं. बारात मंदिर परिसर से निकलकर गलगलिया बाजार, घोष पारा, दरभंगिया टोला, साहनी टोला, पुराना बस स्टैंड, सुभाष नगर, पवन चौक, रेलवे गेट व झपसी टोला होते हुए पुनः मंदिर पहुंची.

सुरक्षा व्यवस्था के बीच निकली यात्रा

प्रशासनिक दृष्टिकोण से बारात को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए ठाकुरगंज एसडीपीओ मंगलेश कुमार व गलगलिया थानाध्यक्ष राकेश कुमार खुद पुलिस बल के साथ पूरी यात्रा में शामिल रहे. अधिकारियों ने स्वयं कमान संभाली ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो.

पंचायत की खुशहाली के लिए प्रार्थना

भातगांव पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि बृज मोहन सिंह उर्फ मुन्ना सिंह ने आयोजन में सक्रिय भूमिका निभायी. उन्होंने कहा कि भगवान भोले की कृपा समस्त पंचायत वासियों पर बनी रहे. उन्होंने संकल्प दोहराया कि अगले वर्ष इससे भी भव्य आयोजन किया जाएगा. वहीं पंचायत समिति प्रतिनिधि मनोज कुमार गिरी ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पूरे इलाके को भक्तिमय बना दिया.

बारात के सफल आयोजन में उप मुखिया महावीर राय, पूर्व मुखिया बुधन पासवान, उप सरपंच प्रतिनिधि जय झा, राजू घोष, मुरारी सहनी, बेदू लालू राम, लालबाबू मंडल सहित बड़ी संख्या में कमेटी के सदस्य और भक्तगण शामिल हुए. मंदिर में सुबह से ही छोटे-छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Awadhesh kumar

अवधेश कुमार विगत 25 वर्षों से पत्रकारिता से जुड़े हुए हैं. इन्होंने बतौर पत्रकार अपने कैरियर की शुरूआत वर्ष 2001 से की. उसके बाद विगत 15 वर्षो से प्रभात खबर, किशनगंज के कार्यालय प्रभारी के रूप में कार्यरत हैं. इनकी रूचि राजनीतिक, सामाजिक व अपराध से जुड़ी खबरों में है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >