अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई, चार नाव जब्त कर नदी में किया नष्ट
अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई, चार नाव जब्त कर नदी में किया नष्ट
By AWADHESH KUMAR | Updated at :
सातमेढ़ी घाट पर छत्तरगाछ पुलिस कैंप की छापेमारी से बालू माफियाओं में हड़कंप
पहाड़कट्टा. छत्तरगाछ पुलिस कैंप की ओर से मंगलवार को अवैध बालू खनन व भंडारण के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की गयी. डोंक नदी स्थित सातमेढ़ी घाट पर अवैध बालू खनन की सूचना पर छत्तरगाछ पुलिस कैंप प्रभारी राम बहादुर शर्मा के नेतृत्व में छापेमारी की गयी. छापेमारी के दौरान अवैध बालू खनन में लगी चार नावों को जब्त कर नष्ट कर दिया गया. सभी नाव सोला व बांस-बत्ती से निर्मित थे, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया. अचानक हुई छापेमारी से क्षेत्र में बालू माफियाओं के बीच हड़कंप मच गया. छापेमारी के दौरान पुलिस जवानों को नदी में उतरकर काफी मशक्कत करनी पड़ी. पुलिस जवान वर्दी उतारकर पानी में उतरे और घंटों की मेहनत के बाद नावों को नदी में नष्ट किया. पुलिस कैंप प्रभारी राम बहादुर शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम दलबल के साथ दोपहर पौने 12 बजे सातमेढ़ी घाट पहुंची थी. करीब साढ़े तीन बजे तक छापेमारी अभियान चलाकर सभी नावों को नष्ट किया गया. उन्होंने कहा कि प्रखंड की दो प्रमुख नदियां महानंदा व डोंक नदी में अवैध बालू खनन पर रोक लगाने के लिए लगातार घाटों का निरीक्षण किया जा रहा है. यह अभियान आगे भी जारी रहेगा. छापेमारी अभियान में छत्तरगाछ पुलिस कैंप प्रभारी एसआइ राम बहादुर शर्मा, एसआइ जवाहर राम सहित अन्य पुलिस जवान मौजूद थे.