डायट में 161 शिक्षक प्रशिक्षुओं का आवासीय प्रशिक्षण जारी

डायट में 161 शिक्षक प्रशिक्षुओं का आवासीय प्रशिक्षण जारी

नयी शिक्षा नीति, गतिविधि आधारित शिक्षण व डिजिटल माध्यमों पर दिया जा रहा प्रशिक्षण

किशनगंज. जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में इन दिनों प्राथमिक विद्यालयों के 161 शिक्षक प्रशिक्षुओं का आवासीय प्रशिक्षण जारी है. यह प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों की शैक्षणिक क्षमता, शिक्षण कौशल और कक्षा प्रबंधन को बेहतर बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है. प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आये शिक्षक प्रशिक्षु भाग ले रहे हैं. कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा नयी शिक्षा नीति, गतिविधि आधारित शिक्षण पद्धति, बाल मनोविज्ञान, समावेशी शिक्षा तथा डिजिटल माध्यमों के उपयोग जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी जा रही है. इसके साथ ही प्रशिक्षुओं को बच्चों के साथ संवादात्मक व रोचक तरीके से पढ़ाने की तकनीक भी सिखायी जा रही है. प्रशिक्षण के दौरान समूह चर्चा, प्रेजेंटेशन, मॉडल टीचिंग व व्यावहारिक अभ्यास भी कराया जा रहा है, ताकि शिक्षक प्रशिक्षु विद्यालयों में प्रभावी ढंग से पढ़ाई कर सकें. संस्थान के अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के प्रशिक्षण से शिक्षकों की दक्षता बढ़ेगी और इसका सीधा लाभ विद्यार्थियों की शिक्षा की गुणवत्ता पर पड़ेगा. प्रशिक्षण में भाग ले रहे शिक्षक प्रशिक्षुओं ने कहा कि इस आवासीय प्रशिक्षण से उन्हें नयी शिक्षण विधियों व आधुनिक तकनीकों को समझने का अवसर मिल रहा है, जिसे वे अपने विद्यालयों में लागू करेंगे. इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्या डॉ गुफराना बेगम, प्रशिक्षण प्रभारी विजय कुमार, हॉस्टल इंचार्ज मो आरिफ हुसैन, रिसोर्स पर्सन मो शगल अहमद, कुमारी गुड्डी, राजीव कुमार, रंजन ओझा, ज्योतिष लाल, शमीम अख्तर, एडमिन कंसल्टेंट चंद्रशेखर कुमार सहित सभी शिक्षक प्रशिक्षु उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AWADHESH KUMAR

AWADHESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >