आठ माह से बिना कार्यपालक पदाधिकारी के चल रहा ठाकुरगंज नगर पंचायत
आठ माह से बिना कार्यपालक पदाधिकारी के चल रहा ठाकुरगंज नगर पंचायत
By AWADHESH KUMAR | Updated at :
जनप्रतिनिधियों ने उपमुख्यमंत्री को भेजा आवेदन, 23 मार्च से हड़ताल व अनशन की चेतावनी
ठाकुरगंज. ठाकुरगंज नगर पंचायत पिछले आठ महीनों से पूर्णकालिक कार्यपालक पदाधिकारी के बिना चल रहा है. इसके कारण जनकल्याणकारी और विकास कार्य पूरी तरह ठप हो गये हैं. अब इसको लेकर नगर पंचायत बोर्ड के सदस्यों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया है. नगर पंचायत के मुख्य पार्षद श्रीकृष्ण सिंह के नेतृत्व में वार्ड पार्षदों ने उपमुख्यमंत्री सह नगर विकास एवं आवास मंत्री विजय कुमार सिन्हा को आवेदन भेजकर जल्द पदस्थापन की मांग की है. आवेदन में बताया गया है कि कई बार जिला पदाधिकारी, स्थानीय विधायक और संबंधित विभाग को अवगत कराने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि विभागीय स्तर पर किशनगंज के जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी मो इरफान आलम को ठाकुरगंज नगर पंचायत का प्रभार देने की अनुशंसा भी की गयी थी, लेकिन अब तक आदेश जारी नहीं किया गया है. कार्यपालक पदाधिकारी के अभाव में कई महत्वपूर्ण कार्य रुके हुए हैं. इनमें नालों की निविदा, अशोक सम्राट भवन निर्माण, कचरा निष्पादन, नल-जल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट व हाईमास्ट लाइट तथा डंपिंग यार्ड की चारदीवारी जैसे कार्य शामिल हैं. लगातार विकास कार्य बाधित रहने से आम लोगों में नाराजगी बढ़ रही है और इसका सामना जनप्रतिनिधियों को करना पड़ रहा है. जनप्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पूर्णकालिक कार्यपालक पदाधिकारी की नियुक्ति नहीं हुई तो 23 मार्च 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल और अनशन शुरू किया जायेगा. मुख्य पार्षद श्रीकृष्ण सिंह सहित वार्ड पार्षद अमित कुमार (वार्ड-10), बबलू कुमार (वार्ड-05), दिलीप सिंह (वार्ड-06), कंचन देवी (वार्ड-08), ललिता देवी (वार्ड-03), पुनम कुमारी (वार्ड-04) समेत अन्य सदस्यों ने चेतावनी दी है कि मांग पूरी नहीं होने पर सभी सामूहिक रूप से अपने पद से इस्तीफा दे देंगे.