प्रेम प्रसंग विवाह में नवविवाहिता से ससुरालवालों ने किया दुर्व्यवहार

थाना क्षेत्र से एक संवेदनशील व विवादित मामला सामने आया है, जहां एक अंतर्जातीय प्रेम विवाह के बाद अब पारिवारिक विवाद गहराता नजर आ रहा है

बेलदौर

थाना क्षेत्र से एक संवेदनशील व विवादित मामला सामने आया है, जहां एक अंतर्जातीय प्रेम विवाह के बाद अब पारिवारिक विवाद गहराता नजर आ रहा है. मामला बेलदौर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर सात दिघौन गांव की बताई जा रही है, जहां सुबोध चौधरी की पुत्री काजल कुमारी ने करीब एक वर्ष पहले रविंद्र कुशवाहा के पुत्र मोनू कुमार के साथ प्रेम प्रसंग में घर से भागकर अंतर्जातीय विवाह कर लिया था. शादी के बाद दोनों अपने स्तर पर जीवन व्यतीत कर रहे थे. बताया जा रहा है कि कुछ समय बाद मोनू कुमार के पिता रविंद्र कुशवाहा ने दोनों को समझाकर गांव वापस आने के लिए राजी किया. उनके कहने पर काजल और मोनू दोनों गांव लौट आए और साथ रहने लगे. लेकिन गांव लौटने के बाद दोनों के वैवाहिक जीवन में लगातार तनाव बना रहा और घर में आए दिन विवाद की स्थिति उत्पन्न होने लगी. इसी बीच आरोप है कि मोनू के परिजनों ने किसी बहाने से काजल को उसके मायके भेज दिया. काजल पांच महीनों से मायके में थी. वहीं हाल ही में मोनू कुमार अपनी पत्नी को अपने घर ले जाने के लिए ससुराल पहुंचा. काजल अपने पति के साथ ससुराल तो पहुंची, लेकिन ससुराल पहुंचने के बाद उसे घर के अंदर प्रवेश नहीं करने दिया गया. इतना ही नहीं, आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ धक्का-मुक्की भी की. स्थिति बिगड़ते देख काजल के परिजनों ने तुरंत डायल 112 पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. फिलहाल काजल कुमारी को सुरक्षा के दृष्टिकोण से बेलदौर थाना के संरक्षण में रखा गया है, जहां पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. यह मामला न सिर्फ एक पारिवारिक विवाद है, बल्कि समाज में अंतर्जातीय विवाह को लेकर मौजूद सोच और स्वीकार्यता पर भी सवाल खड़े करता है. अब देखना यह होगा कि पुलिस जांच के बाद इस मामले में क्या कार्रवाई होती है और क्या इस दंपति को न्याय और सुरक्षित जीवन मिल पाता है या नहीं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR SINH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >