Khagaria News : खगड़िया जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र के पीरनगरा गांव में मवेशियों के लिए चारा काटने गयी 18 वर्षीय किशोरी के साथ मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है. घटना में किशोरी के दाएं पैर में गंभीर चोट लगने की बात सामने आयी है. घायल अंशु कुमारी को परिजनों ने आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलदौर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल खगड़िया रेफर कर दिया. परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी है.
बहन के साथ बहियार में चारा काटने गयी थी किशोरी
ग्रामीणों के अनुसार पीरनगरा गांव निवासी अखिलेश पासवान की 18 वर्षीय पुत्री अंशु कुमारी अपनी बहन मुस्कान कुमारी के साथ गांव के समीप बहियार में मवेशियों के लिए चारा काटने गयी थी. बताया जाता है कि दोनों बहनें चारा काटने लगीं, तभी गांव का ही वीरेंद्र यादव वहां मौजूद था.
परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान वीरेंद्र यादव ने अंशु के साथ कथित रूप से मारपीट शुरू कर दी. मारपीट में किशोरी के दाएं पैर में गंभीर चोट लगी.
चीख-पुकार सुनकर पहुंचे लोग, आरोपित के फरार होने का आरोप
घटना के दौरान किशोरी की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों और परिजनों के मौके पर पहुंचने की बात बतायी जा रही है. परिजनों का आरोप है कि लोगों के पहुंचने से पहले ही आरोपित धमकी देते हुए वहां से फरार हो गया.
इसके बाद परिजन घायल अंशु को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलदौर लेकर पहुंचे. यहां चिकित्सकों ने किशोरी की स्थिति की जांच कर प्राथमिक उपचार किया.
गंभीर फ्रैक्चर के बाद खगड़िया रेफर
चिकित्सकों के अनुसार किशोरी के दाएं पैर में गंभीर फ्रैक्चर है. प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति को देखते हुए बेहतर चिकित्सा के लिए सदर अस्पताल खगड़िया रेफर कर दिया गया. परिजन उसे आगे के इलाज के लिए लेकर रवाना हुए.
पुलिस को दी गयी घटना की जानकारी
घटना के बाद परिजनों ने बेलदौर पुलिस को इसकी जानकारी दी है. पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है. परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. घटना को लेकर गांव में भी चर्चा का माहौल है.
