PM Surya Ghar Yojana: गोगरी (खगड़िया). प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सरकार ने नई तकनीकी व्यवस्था लागू की है. झंझरा ग्रिड के कनीय अभियंता देवेंद्र गढ़वाल ने बताया कि अब इस योजना का लाभ केवल उन्हीं उपभोक्ताओं को मिलेगा, जिनके घरों में स्मार्ट मीटर स्थापित होंगे. बिजली वितरण कंपनियां और ऊर्जा विभाग इस प्रक्रिया को तेज गति से पूरा कर रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग सौर ऊर्जा से जुड़ सकें.
स्मार्ट मीटर से होगी सौर ऊर्जा की सटीक गणना
कनीय अभियंता देवेंद्र गढ़वाल ने बताया कि स्मार्ट मीटर के माध्यम से घरों में सोलर पैनल से उत्पादित अतिरिक्त बिजली की सटीक गणना की जा सकेगी. यदि उपभोक्ता अतिरिक्त बिजली ग्रिड में भेजते हैं, तो स्मार्ट मीटर या नेट मीटरिंग प्रणाली के जरिए उसका सही रिकॉर्ड तैयार होगा. इससे बिजली उत्पादन और खपत का पारदर्शी आकलन संभव होगा.
सब्सिडी और वित्तीय लाभ में मिलेगी पारदर्शिता
उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर के बिना बिजली उत्पादन और उपभोग का सही आंकलन संभव नहीं है. ऐसे में उपभोक्ताओं को मिलने वाली सरकारी सब्सिडी और अन्य वित्तीय लाभ निर्धारित करने में कठिनाई होती है. इसलिए योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए स्मार्ट मीटर अनिवार्य कर दिया गया है.
ऊर्जा प्रबंधन होगा अधिक प्रभावी
देवेंद्र गढ़वाल ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगने से ऊर्जा प्रबंधन में भी सुधार होगा. जिन उपभोक्ताओं के घरों में अभी तक स्मार्ट मीटर नहीं लगे हैं, उन्हें योजना में आवेदन करने से पहले या आवेदन के साथ ही मीटर अपग्रेड कराने की सलाह दी जा रही है. इससे पारदर्शी बिलिंग और बेहतर ऊर्जा प्रबंधन सुनिश्चित होगा.
इन उपभोक्ताओं के घर लगाए गए सोलर सिस्टम
PM Surya Ghar Yojana: उन्होंने बताया कि क्षेत्र में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत बुधनगर भारतखंड निवासी सौरव कुमार, शीलेंद्र किशोर, अभिजीत कुमार, खजरैठा निवासी भवेश कुमार, झंझरा निवासी पूनम कुमारी, राजेश्वर कुमार, कोलवारा निवासी अमरेंद्र मंडल तथा महद्दीपुर निवासी अमरेंद्र कुमार के घरों पर सोलर सिस्टम स्थापित किए जा चुके हैं.
