खगड़िया से पलटु झा की रिपोर्ट
Parbatta Fire Incident: खगड़िया जिले के परबत्ता प्रखंड अंतर्गत भरतखंड थाना क्षेत्र के ड्योढ़ी भरतखंड गांव में गुरुवार देर रात भीषण अग्निकांड से अफरातफरी मच गई. शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और तीन परिवारों के घरों को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति जलकर राख हो गई. घटना के बाद पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है.
ग्रामीणों के अनुसार देर रात अचानक एक घर से आग की लपटें उठने लगीं. तेज हवा के कारण आग तेजी से फैल गई और आसपास के घरों तक पहुंच गई. जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक आग ने तीन घरों को पूरी तरह अपनी गिरफ्त में ले लिया.
कुछ ही मिनटों में उजड़ गए तीन परिवार
अग्निकांड में मिथुन कुमार, मोहन कुमार और आशा देवी के घर पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए. घरों में रखा नकद, अनाज, कपड़े, फर्नीचर और दैनिक उपयोग का लगभग सारा सामान आग की भेंट चढ़ गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रभावित परिवारों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है.
हादसे के दौरान गांव में अफरातफरी का माहौल बन गया. आग की ऊंची लपटें देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया.
ग्रामीणों की मशक्कत से टली बड़ी तबाही
ग्रामीणों ने घंटों कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया. यदि समय रहते आग नहीं बुझाई जाती तो आसपास के कई और घर इसकी चपेट में आ सकते थे. हालांकि तब तक प्रभावित परिवारों का अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो चुका था.
घटना के बाद पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए हैं. उनके सामने भोजन और रहने की समस्या भी खड़ी हो गई है.
प्रशासन से राहत की मांग
मुखिया प्रतिनिधि उमेश कुमार सिंह ने बताया कि अग्निकांड की सूचना अंचल अधिकारी को दे दी गई है. प्रशासन से प्रभावित परिवारों को आपदा राहत के तहत सहायता उपलब्ध कराने की मांग की गई है.
ग्रामीणों ने भी प्रशासन से शीघ्र मुआवजा और राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है. राजस्व विभाग की टीम द्वारा नुकसान का आकलन किए जाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है.
