गोगरी, खगड़िया से रणवीर झा की रिपोर्ट.
Khagaria News: खगड़िया जिले के गोगरी-जमालपुर स्थित सुपर मार्केट में सफाई व्यवस्था बदहाल होती जा रही है. बाजार के प्रमुख स्थल बघवा चौक के सामने इन दिनों कचरे का बड़ा ढेर जमा हो गया है. सड़क पर फैली गंदगी और बदबू के कारण स्थानीय लोगों, दुकानदारों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थिति ऐसी हो गई है कि बाजार आने वाले लोगों को नाक-मुंह ढककर गुजरना पड़ रहा है.
फल-सब्जी कारोबारियों के कारण बढ़ी समस्या
स्थानीय लोगों के अनुसार बघवा चौक के सामने प्रतिदिन फल और सब्जी के थोक विक्रेता अपने वाहन लगाकर माल उतारते हैं. इसके बाद बचा हुआ कचरा और सड़े-गले फल-सब्जियां वहीं छोड़ दी जाती हैं. धीरे-धीरे यह स्थान कूड़े के बड़े ढेर में तब्दील हो गया है. लोगों का कहना है कि इस जगह पर वाहनों से माल उतारने की अनुमति भी नहीं है, लेकिन नियमों का पालन नहीं हो रहा है.
बदबू से कारोबार पर भी असर
बाजार के दुकानदारों का कहना है कि कचरे और दुर्गंध के कारण ग्राहकों की संख्या प्रभावित हो रही है. गर्मी और उमस के बीच हालात और खराब हो गए हैं. दुकानदारों का आरोप है कि नगर परिषद की ओर से नियमित सफाई नहीं कराए जाने के कारण समस्या लगातार बढ़ती जा रही है.
बीमारी फैलने का बढ़ा खतरा
स्थानीय नागरिकों ने आशंका जताई है कि कचरे के ढेर से मच्छरों और कीटों का प्रकोप बढ़ रहा है. इससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है.
नगर परिषद से कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने नगर परिषद प्रशासन से तत्काल कचरे की सफाई कराने, थोक विक्रेताओं के लिए निर्धारित स्थान तय करने और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि बाजार की स्वच्छता बहाल होने से न केवल व्यापार को राहत मिलेगी, बल्कि आम लोगों को भी गंदगी और दुर्गंध से छुटकारा मिलेगा.
Also Read: बिहार में दौड़ेगी रैपिड रेल, 4 जिलों की दूरी हाईस्पीड ट्रेन से मिनटों में होगी तय, CM सम्राट का ऐलान
