Khagaria News: खगड़िया जिले के बन्नी पंचायत अंतर्गत महदा वार्ड संख्या 12 एवं 13 में स्थित सामुदायिक भवन की जर्जर स्थिति को लेकर ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि भवन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. ऐसे में पुराने भवन को ध्वस्त कर नए भवन का निर्माण कराना जरूरी हो गया है.
ग्रामीणों के अनुसार प्राथमिक विद्यालय महदा के बच्चों के लिए मध्याह्न भोजन इसी सामुदायिक भवन में तैयार किया जाता है. इतना ही नहीं, बच्चे यहीं बैठकर भोजन भी करते हैं. भवन की बदहाल स्थिति को देखते हुए अभिभावकों और ग्रामीणों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.
छज्जा गिरने के बाद बढ़ी चिंता
स्थानीय लोगों ने बताया कि भवन का आधा छज्जा पहले ही गिर चुका है. इसके बावजूद भवन का उपयोग जारी है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है.
28 मई को आई तेज आंधी के दौरान भवन का कुछ और हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर गिर गया, जिससे आसपास के लोगों में भय का माहौल बन गया है. इसके बाद से ग्रामीण लगातार प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं.
जन समाधान शिविर में भी उठ चुका है मामला
ग्रामीणों की ओर से इस समस्या को प्रशासन के समक्ष पहले भी रखा जा चुका है. डिजिटल सरपंच नवल किशोर सिंह ने बताया कि 18 मई 2026 को खगड़िया में आयोजित जन समाधान शिविर के दौरान जिला पदाधिकारी को लिखित आवेदन देकर भवन की जर्जर स्थिति से अवगत कराया गया था.
हालांकि ग्रामीणों का आरोप है कि आवेदन देने के बाद भी अब तक न तो कोई जांच हुई है और न ही भवन को लेकर कोई ठोस कदम उठाया गया है.
नए भवन निर्माण की उठी मांग
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से अविलंब भवन का निरीक्षण कराने, जर्जर संरचना को ध्वस्त करने और नए सामुदायिक भवन के निर्माण की मांग की है. उनका कहना है कि यह केवल एक भवन का मामला नहीं, बल्कि स्कूली बच्चों और ग्रामीणों की सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा है.
मौके पर विनोद कुमार सिंह, गरीब कुमार पासवान, बबलू पासवान, रघुनंदन पासवान, अमित कुमार, राजा कुमार, सुजीत कुमार, हर्बल पासवान, शशी कुमार पासवान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.
