खगड़िया से अमित कुमार की रिपोर्ट
Khagaria News: खगड़िया जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र से प्रेम विवाह के बाद विवाद का एक मामला सामने आया है. युवक के परिजनों ने उसकी पत्नी पर बैंक खाते से 74 हजार रुपये निकालने और घर में रखे जेवर लेकर मायके पक्ष के साथ चले जाने का आरोप लगाया है. मामले को लेकर बेलदौर थाना में आवेदन दिया गया है. पुलिस ने आवेदन मिलने की पुष्टि करते हुए जांच शुरू कर दी है.
दिल्ली में हुई थी मुलाकात, फिर प्रेम और शादी
जानकारी के अनुसार, बेलदौर थाना क्षेत्र के सकरोहर गांव निवासी इतिहास कुमार दिल्ली में मजदूरी करते थे. इसी दौरान उनकी पहचान गंगौर थाना क्षेत्र के जलकोरा गांव की एक युवती से हुई. दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई.
परिजनों के अनुसार, दोनों ने बाद में कोर्ट मैरिज कर ली. शादी के बाद युवक अपनी पत्नी को लेकर गांव पहुंचा, जहां दोनों परिवार के साथ रह रहे थे.
मायके पक्ष के आने के बाद बढ़ा विवाद
पीड़ित की मां प्रमिला देवी ने थाना में दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि कुछ दिन पहले युवती के परिजन उनके घर पहुंचे और उसे अपने साथ ले जाने का प्रयास करने लगे. इस दौरान घर में काफी देर तक बातचीत और विवाद की स्थिति बनी रही.
परिवार का आरोप है कि इसी दौरान युवक जब पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाने लगा तो युवती ने उसका मोबाइल अपने पास ले लिया.
पटना: ” खान जो है वह खुद ही फर्जी है…” खान सर पर तेज प्रताप का यह बयान हुआ खूब वायरल.
खाते से 74 हजार रुपये ट्रांसफर करने का आरोप
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि मोबाइल अपने कब्जे में लेने के बाद युवती ने फोन-पे और अन्य डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल करते हुए युवक के खाते से करीब 74 हजार रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दिए. परिवार का यह भी आरोप है कि युवती घर में रखी पायल और सोने की नथिया लेकर अपने परिजनों के साथ चली गई.
घटना के बाद परिजन युवती की तलाश कर रहे हैं, लेकिन अब तक उसका कोई पता नहीं चल सका है.
Khagaria News:पुलिस ने शुरू की जांच
बेलदौर थाना पुलिस ने आवेदन प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए कहा है कि मामले की जांच की जा रही है. पुलिस के अनुसार, आवेदन में लगाए गए आरोपों की सत्यता की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
प्रेम विवाह के बाद सामने आए इस विवाद की पूरे इलाके में चर्चा हो रही है. हालांकि मामले के सभी पहलुओं की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी.
