गोगरी (खगड़िया) से रणवीर झा की रिपोर्ट
Khagaria News: आगामी 17 और 18 जून को गोगरी अनुमंडल के सभी प्रखंडों में आयोजित होने वाले प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर के प्रचार-प्रसार के लिए प्रशासन ने विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया है. शनिवार को गोगरी के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) संजय कुमार ने परबत्ता और बेलदौर अंचल सह प्रखंड कार्यालय का निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया.
एसडीओ ने हरी झंडी दिखाकर प्रचार वाहन को किया रवाना
निरीक्षण के बाद एसडीओ संजय कुमार, बेलदौर प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी तथा परबत्ता के प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचलाधिकारी ने संयुक्त रूप से प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. यह प्रचार वाहन गांव-गांव जाकर लोगों को जन कल्याण शिविर से जुड़ी जानकारी देगा.
लोगों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाना उद्देश्य
एसडीओ संजय कुमार ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पहुंचाना तथा आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है. उन्होंने कहा कि प्रचार वाहन के माध्यम से ग्रामीणों को शिविर की तारीख, स्थान और उपलब्ध सेवाओं की जानकारी दी जाएगी ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें.
शिविर में मिलेंगी कई सरकारी सेवाएं
17 और 18 जून को आयोजित होने वाले इन शिविरों में आयुष्मान भारत योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, पीएम स्वनिधि योजना, स्वयं सहायता समूह योजनाएं, दिव्यांगजन कल्याण योजनाएं, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना तथा बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड सहित कई योजनाओं से संबंधित सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी.
लाभुक जरूरी दस्तावेज साथ लाएं
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे शिविर में आते समय आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक पासबुक, मोबाइल नंबर और संबंधित योजनाओं से जुड़े आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर आएं, ताकि आवेदन, निबंधन, सत्यापन, केवाईसी और शिकायत निवारण जैसी प्रक्रियाओं का त्वरित निष्पादन किया जा सके.
प्रशासन ने की अधिक भागीदारी की अपील
अनुमंडल प्रशासन ने सभी नागरिकों से इस जनहितकारी पहल में सक्रिय भागीदारी करने और पात्र लाभुकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सहयोग करने की अपील की है.
Also Read: बिहार में दौड़ेगी रैपिड रेल, 4 जिलों की दूरी हाईस्पीड ट्रेन से मिनटों में होगी तय, CM सम्राट का ऐलान
