गोगरी (खगड़िया) से रणवीर झा की रिपोर्ट
Khagaria News: गोगरी थाना क्षेत्र के इटहरी पंचायत स्थित आश्रम टोला में दो पक्षों के बीच हुए विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है. घटना में दोनों पक्षों के कई लोगों के घायल होने की बात कही जा रही है. विवाद के बाद दोनों पक्षों ने गोगरी थाना पहुंचकर एक-दूसरे के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है.
पुलिस ने दोनों आवेदन के आधार पर अलग-अलग कांड दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
मक्का लोडिंग के दौरान शुरू हुआ विवाद
पहले पक्ष की ओर से नागो पटेल की पत्नी मीरा देवी ने थाना में दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि वह अपने छोटे बेटे के साथ घर के पास मक्का का बोरा लोड कर रही थीं. इसी दौरान गांव के कुछ लोग वहां पहुंचे और गाली-गलौज शुरू कर दी.
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि विवाद बढ़ने पर उनके पुत्र के साथ मारपीट की गई और रंगदारी के तौर पर रुपये की मांग की गई. विरोध करने पर मारपीट कर घायल कर दिया गया. इस मामले में पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
दूसरे पक्ष ने भी लगाया घर में घुसकर मारपीट का आरोप
वहीं दूसरे पक्ष की ओर से आश्रम टोला निवासी धनराज कुमार ने थाना में दर्ज कराए आवेदन में आरोप लगाया है कि वह अपने परिवार के साथ घर पर मौजूद थे. इसी दौरान कुछ लोग घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की.
धनराज कुमार ने घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने इस आवेदन के आधार पर भी अलग प्राथमिकी दर्ज की है.
जांच में जुटी पुलिस, दोनों पक्षों के दावों की होगी पड़ताल
गोगरी थाना पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से प्राप्त लिखित आवेदन के आधार पर कांड दर्ज कर लिया गया है. मामले की जांच शुरू कर दी गई है और सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाएगी.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जांच और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है.
