खगड़िया में गंगा कटाव से परेशान ग्रामीणों का अनोखा विरोध, उपवास और गंगा पूजन कर सरकार से लगाई गुहार

Khagaria News: खगड़िया में हर साल गंगा का बढ़ता कटाव किसानों की जमीन निगल रहा है, घरों पर संकट खड़ा कर रहा है और हजारों परिवारों का भविष्य असुरक्षित बना रहा है. इसी दर्द को आवाज देने के लिए ग्रामीणों ने गंगा किनारे उपवास रखा और गंगा मैया से गुहार लगाते हुए सरकार से स्थायी समाधान की मांग की.

खगड़िया से अमित कुमार की रिपोर्ट.

Khagaria News: खगड़िया जिले के मानसी घाट स्थित राधा-कृष्ण मंदिर, टीकारामपुर में रविवार को गंगा कटाव की समस्या के स्थायी समाधान की मांग को लेकर गंगा पूजन सह एक दिवसीय उपवास कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में खगड़िया, मुंगेर और बेगूसराय जिले के कटाव प्रभावित क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए. लोगों ने गंगा कटाव से हो रहे नुकसान पर चिंता जताते हुए सरकार से तत्काल और स्थायी सुरक्षा कार्य शुरू करने की मांग उठाई.

गंगा का कटाव बन रहा हजारों परिवारों की चिंता

ग्रामीणों ने कहा कि टीकारामपुर, दक्षिणी रहीमपुर, मध्य रहीमपुर, उत्तरी रहीमपुर और बरारी रघुनाथपुर समेत कई पंचायतों में गंगा का कटाव लगातार बढ़ रहा है. इससे खेती योग्य जमीन तेजी से नदी में समा रही है और कई परिवारों के सामने विस्थापन का खतरा खड़ा हो गया है.

लोगों का कहना है कि वर्षों से वे इस समस्या को झेल रहे हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है.

उपवास के जरिए सरकार तक पहुंचाई आवाज

गंगा पूजन और उपवास कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र की सुरक्षा और समृद्धि की कामना की. साथ ही सरकार और संबंधित विभागों से मांग की कि कटावरोधी कार्यों को प्राथमिकता देते हुए प्रभावित क्षेत्रों को सुरक्षित किया जाए.

कार्यक्रम में शामिल लोगों ने कहा कि गंगा केवल आस्था का विषय नहीं है, बल्कि हजारों परिवारों की आजीविका भी इससे जुड़ी हुई है. कटाव बढ़ने से लोगों की आर्थिक और सामाजिक स्थिति लगातार प्रभावित हो रही है.

समाजसेवियों ने जताई चिंता

समाजसेवी नागेंद्र सिंह त्यागी और ई. धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि गंगा कटाव अब विकराल रूप धारण कर चुका है. यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो हजारों परिवारों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है.

उन्होंने सरकार से मांग की कि प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कराकर जल्द स्थायी सुरक्षा योजना लागू की जाए.

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने कहा कि यदि कटाव की समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो प्रभावित जनता चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने को मजबूर होगी. ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि वे अपने अधिकारों और सुरक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेंगे.

कार्यक्रम के अंत में गंगा मैया से क्षेत्र को कटाव के संकट से मुक्ति दिलाने और लोगों के जीवन में सुख-समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की गई. बड़ी संख्या में ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने इस मांग को और मजबूती दी.

Also Read: CM हाउस से अटैच नहीं होगा 5 देशरत्न मार्ग बंगला, क्या अब राबड़ी देवी आवास करेंगी खाली?

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >