खगड़िया से अमित कुमार की रिपोर्ट.
Khagaria News: शहर से सटे खगड़िया-अलौली पथ स्थित रॉयल पैलेस बछौता में मथुरापुर फिजिकल एकेडमी की ओर से आर्मी, बिहार पुलिस एवं होमगार्ड में नव चयनित अभ्यर्थियों के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में चयनित युवाओं को कैप, मेडल, मोमेंटो और माला पहनाकर सम्मानित किया गया.
कार्यक्रम की अध्यक्षता एकेडमी के निदेशक एवं प्रशिक्षक आनंद कुमार ने की. जबकि उद्घाटन नगर सभापति अर्चना कुमारी और जदयू के वरिष्ठ नेता अशोक सिंह मुखिया ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. मंच संचालन प्रशिक्षक कुंदन कुमार ने किया. आयोजन समिति की ओर से सभी अतिथियों का अंगवस्त्र एवं माला पहनाकर स्वागत किया गया.
सफलता का आधार है मेहनत और अनुशासन
अपने संबोधन में नगर सभापति अर्चना कुमारी ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है. उन्होंने कहा कि नौकरी मिलने के बाद युवा न केवल आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनेंगे, बल्कि देश सेवा करते हुए उच्च पदों की तैयारी कर और बड़ी उपलब्धियां भी हासिल कर सकते हैं. उन्होंने मथुरापुर फिजिकल एकेडमी के प्रयासों की भी सराहना की.
युवाओं की सफलता पूरे जिले के लिए गौरव
मुख्य अतिथि अशोक सिंह मुखिया ने कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए चयनित अभ्यर्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की. उन्होंने नगर सभापति से मथुरापुर खेल मैदान को स्टेडियम के रूप में विकसित करने के लिए सरकार को प्रस्ताव भेजने का आग्रह भी किया.
वहीं जदयू के बेगूसराय विधानसभा प्रभारी उमेश सिंह पटेल ने चयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा ही देश का भविष्य हैं और उनकी सफलता समाज के लिए प्रेरणादायक है.
संघर्ष और समर्पण का उत्सव बना समारोह
जदयू जिला प्रवक्ता आचार्य राकेश पासवान शास्त्री ने कहा कि यह सम्मान समारोह युवाओं के संघर्ष, समर्पण और सफलता का उत्सव है. चयनित अभ्यर्थियों की उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व की बात है. उन्होंने युवाओं से राष्ट्र सेवा के साथ-साथ जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने का आह्वान किया.
कार्यक्रम में कोबरा फिजिकल एकेडमी के निदेशक एवं सेवानिवृत्त आर्मी प्रिंस कुमार, दादा फिजिकल एकेडमी के निदेशक पवन कुमार, डॉ. ऊर्जेश कुमार, शशिकांत कुमार, अभिषेक कुमार, रवि कुमार, सौरव कुमार, रौशन, बब्बू, दीपक, विशाल, गौरव, नमनजीत और प्रीतम कुमार सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
Also Read: बिहार में दौड़ेगी रैपिड रेल, 4 जिलों की दूरी हाईस्पीड ट्रेन से मिनटों में होगी तय, CM सम्राट का ऐलान
