खगड़िया में जनसाधारण एक्सप्रेस में यात्री को मारी गोली, ट्रेन में मची अफरा-तफरी

Khagaria Crime News: बिहार में ट्रेन यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है. जनसाधारण एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक यात्री को बदमाशों ने गोली मार दी. गोली सीने में लगने से यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद ट्रेन में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया.

Khagaria Crime News: मानसी-सहरसा रेलखंड पर गुरुवार रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई. बदला घाट और मानसी स्टेशन के बीच 52 नंबर पुल के समीप जनसाधारण एक्सप्रेस में सवार एक यात्री को बदमाशों ने गोली मार दी. घायल यात्री की हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना के बाद रेल पुलिस और स्थानीय पुलिस जांच में जुट गई है.

सुनसान इलाके में ट्रेन रुकते ही हुई वारदात

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गुरुवार रात करीब 9 बजे बदला घाट और मानसी के बीच ट्रेन के पहुंचने पर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया. घटना के बाद कोच में अफरा-तफरी मच गई और यात्री भयभीत हो गए. यात्रियों का कहना है कि बदमाशों ने सुनसान इलाके का फायदा उठाकर इस घटना को अंजाम दिया.

सीने में लगी गोली, हालत गंभीर

गोली लगने से घायल यात्री गंभीर रूप से जख्मी हो गया. उसकी पहचान झारखंड निवासी के रूप में हुई है, जो जनसाधारण एक्सप्रेस से सुपौल जा रहा था. गोली सीने में लगने के कारण वह बेहोश हो गया और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है.

बदला घाट स्टेशन पर उतारकर भेजा गया अस्पताल

घटना की सूचना मिलते ही मानसी पुलिस सक्रिय हो गई. घायल यात्री को बदला घाट स्टेशन पर ट्रेन से उतारकर तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल खगड़िया भेजा गया. बाद में बेहतर इलाज के लिए उसे दूसरे अस्पताल रेफर किए जाने की भी सूचना है.

बयान के बाद खुलेगा घटना का राज

मानसी जीआरपी थाना अध्यक्ष रवि भूषण कुमार ने बताया कि घायल यात्री सीने में गोली लगने के कारण बेहोश था, इसलिए उसका बयान नहीं लिया जा सका. जल्दबाजी में उसे बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय ले जाया गया है. उन्होंने कहा कि घायल के बयान के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि घटना के पीछे क्या वजह थी और बदमाश कौन थे.

रेल सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस घटना के बाद यात्रियों ने रेल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं. रात के समय ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर यात्रियों में चिंता बढ़ गई है. फिलहाल रेल पुलिस और स्थानीय पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही है तथा अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं.

Also Read: सिपाही भर्ती घोटाला: तीन से पांच लाख रुपये लेकर पास करवाते थे लिखित परीक्षा, मुंगेर व अरवल से 10 गिरफ्तार

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >