गोगरी (खगड़िया) से रणवीर झा की रिपोर्ट
Kagaria News : भीषण गर्मी के बीच बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए खगड़िया बिजली विभाग ने बड़ा फैसला लिया है. विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि फ्यूज या स्ट्रिप से जुड़ी सामान्य शिकायतों के नाम पर बार-बार शटडाउन लेने की अनुमति नहीं होगी. ऐसा करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जा सकती है. इस संबंध में गोगरी के शिरनियां स्थित पावर सब स्टेशन में बिजली विभाग के अधिकारियों ने मानव बल कर्मियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश जारी किए.
गर्मी में निर्बाध बिजली आपूर्ति पर विभाग का फोकस
बैठक में खगड़िया के कार्यपालक इंजीनियर कुंदन कुमार, एसडीओ बिपिन कुमार विजेता और जेई ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह मौजूद रहे. अधिकारियों ने कहा कि पिछले कुछ समय से लगातार ऐसी शिकायतें मिल रही थीं कि मामूली फ्यूज संबंधी समस्या पर भी शटडाउन लेकर पूरे इलाके की बिजली बाधित कर दी जाती थी. इससे हजारों उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी झेलनी पड़ती थी.
शटडाउन के लिए तय किया गया समय
कार्यपालक अभियंता कुंदन कुमार ने बताया कि अब फ्यूज और स्ट्रिप से संबंधित कार्यों के लिए शटडाउन लेने का समय निर्धारित कर दिया गया है. नए नियम के तहत सुबह 8 बजे से 9 बजे तक और रात 10 बजे से 10:30 बजे तक ही इस प्रकार का शटडाउन लिया जा सकेगा. विभाग का मानना है कि कुछ उपभोक्ताओं की समस्या के कारण बड़ी संख्या में लोगों की बिजली बाधित करना उचित नहीं है.
कब मिलेगी तत्काल शटडाउन की अनुमति
बिजली विभाग ने स्पष्ट किया है कि तार टूटने, आग लगने, करंट लगने, पोल गिरने या किसी प्रकार की दुर्घटना जैसी आपात स्थिति में किसी भी समय शटडाउन लिया जा सकता है. ऐसी परिस्थितियों में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी और तत्काल कार्रवाई की जाएगी.
धरना-प्रदर्शन के मुद्दे पर भी हुई चर्चा
बैठक के बाद कार्यपालक अभियंता कुंदन कुमार ने रामपुर पहुंचकर सरपंच नूर आलम से मुलाकात की. इस दौरान बिजली विभाग के खिलाफ हुए धरना-प्रदर्शन और स्थानीय समस्याओं पर भी चर्चा की गई. अधिकारियों ने उपभोक्ताओं की शिकायतों के समाधान और बेहतर बिजली आपूर्ति व्यवस्था का भरोसा दिलाया.
